Jamia Protest: जामिया के गेट नंबर 7 पर छात्रों और पुलिस के बीच झड़प, छात्रसंघ चुनाव की मांग पर बढ़ा तनाव
Jamia Millia Islamia News: दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर जारी प्रदर्शन रविवार को और तेज हो गया। करीब दो सप्ताह से चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच गेट नंबर 7 पर छात्रों और पुलिस के बीच झड़प और झूमाझटकी की घटना सामने आई। इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने अगले आदेश तक ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने और पुस्तकालय बंद रखने का फैसला लिया है।
गेट नंबर 7 पर पुलिस और छात्रों के बीच झूमाझटकी
जामिया परिसर में प्रदर्शन के दौरान रविवार शाम माहौल गरमा गया। गेट नंबर 7 के पास पुलिस और छात्रों के बीच हल्की झड़प और झूमाझटकी हुई। प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचीं तीन बाहरी लड़कियों और एक लड़के को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई, हालांकि पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने हिरासत में लिए जाने से इनकार किया है। इस मामले में हिरासत को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल मौके पर सुरक्षा बल तैनात हैं और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
ऑनलाइन कक्षाओं के फैसले पर छात्रों ने उठाए सवाल
छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर प्रदर्शन के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी पाठ्यक्रमों की कक्षाएं ऑनलाइन संचालित करने का निर्णय लिया है। प्रशासन के मुताबिक, यह कदम छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पढ़ाई जारी रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में छात्रों को ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल होने और परिसर में आने से बचने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही अगले आदेश तक विश्वविद्यालय का पुस्तकालय भी बंद रखने का फैसला लिया गया है।
वहीं, प्रदर्शनकारी छात्रों ने इस निर्णय पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने का फैसला परिसर खाली कराने और छात्रसंघ चुनाव की मांग को दबाने की कोशिश है।
12 अक्टूबर से जारी है प्रदर्शन
जामिया मिल्लिया इस्लामिया परिसर में 12 अक्टूबर से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन जारी है। भूख हड़ताल कर रहे छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन गालिब प्रतिमा लॉन के पास प्रदर्शन स्थल को हटाने के लिए बहाने बना रहा है।
छात्रों और प्रशासन के बीच गतिरोध खत्म करने के लिए 18 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के सात प्रोफेसरों की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई थी। समिति छात्रों के साथ बातचीत कर मामले का समाधान निकालने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अब तक प्रदर्शन समाप्त नहीं हुआ है।
फिलहाल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
प्रशासन की ओर से प्रदर्शन खत्म करने की अपील और मध्यस्थता की कोशिशों के बावजूद छात्र अपनी मांग पर कायम हैं। गेट नंबर 7 पर हुई झड़प के बाद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। अब सबकी नजर विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच होने वाली अगली बातचीत पर है।
और पढ़ें: 'मोदी का बाप भी जाएगा...' पटना में खरगे के बयान पर मचा बवाल; PM मोदी पर लगाए गंभीर आरोप