टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

TMC नेता जहांगीर खान की बहुमंजिला इमारत पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने शुरू की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

Pradeep Singh · 11 नवम्बर 2026
बहुमंजिला इमारत पर चला बुलडोजर

फाल्टा : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा में बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता जहांगीर खान की कथित अवैध बहुमंजिला इमारत को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। प्रशासन ने यह कदम कानूनी प्रक्रिया के तहत उठाया है। इस मामले में शिकायतकर्ता और बीजेपी नेता बिधान पाडुई ने दावा किया कि प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बावजूद जहांगीर खान ने इसका जवाब नहीं दिया।

नोटिस के बाद प्रशासन की कार्रवाई

बीजेपी नेता बिधान पाडुई के मुताबिक, प्रशासन ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए जहांगीर खान को नोटिस दिया था। हालांकि, कथित तौर पर नोटिस पर कोई जवाब नहीं मिलने के बाद इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई।

पाडुई ने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर लंबे समय तक कानूनी लड़ाई लड़ी और हर कथित अवैध गतिविधि के खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाया।

2018 से लोकतंत्र दबाए जाने का आरोप

बिधान पाडुई ने आरोप लगाया कि फाल्टा में वर्ष 2018 से लोकतांत्रिक व्यवस्था को दबाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से इस कथित मनमानी के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "फाल्टा में 2018 से लोकतंत्र को कुचला गया है। हम लंबे समय से इस अत्याचार के खिलाफ लड़ रहे हैं। सत्ता में आने के बाद ही नहीं, बल्कि उससे पहले से ही हमने उनके हर कथित अवैध काम के खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाया है।"

हाईकोर्ट जाने का भी किया दावा

बीजेपी नेता ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था और उन्हें वहां से अनुकूल फैसला मिला। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को फाल्टा के आम लोगों की जीत बताया।

पाडुई ने कहा, "मैं हाईकोर्ट गया था और वहां जीत हासिल की। यह फाल्टा के आम लोगों की जीत है।"

फिलहाल प्रशासन की ओर से शुरू की गई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल पैदा कर दी है। हालांकि, मामले में जहांगीर खान का पक्ष और प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

यह भी पढ़ें:  NCP के दोनों गुटों के विलय पर पृथ्वीराज चव्हाण का सवाल- NDA में रहेंगे या छोड़ेंगे साथ?