टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

संसद रत्न सम्मान के बाद जगदंबिका पाल का विपक्ष पर हमला, कहा- जनता फिर चुनेगी...

Toshi Shah · 14 सितम्बर 2026
Parliament Ratna Award

डुमरियागंज से बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल को संसद में उनके प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सम्मान मिलने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय बस्ती, सिद्धार्थनगर समेत पूरे पूर्वांचल की जनता और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन लोगों के भरोसे का सम्मान है, जिन्होंने उन्हें संसद में अपनी आवाज बनने का अवसर दिया।

जनता से जुड़े कई अहम विषय पर उठाए सवाल

सांसद ने बताया कि 2026 के संसदीय सत्रों में उनकी सदन में पूरी उपस्थिति रही। इस दौरान उन्होंने शून्यकाल में आम जनता से जुड़े कई अहम विषय उठाए। इसके अलावा प्राइवेट मेंबर बिल पेश करने के साथ-साथ राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर हुई चर्चाओं में भी उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई, उन्होंने इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया।

विपक्ष पर लगाया जमीन से कटे होने का आरोप

जगदंबिका पाल ने विपक्षी दलों और उनके प्रमुख नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में अब करीब तीन महीने का समय बचा है, लेकिन विपक्ष के बड़े नेता उत्तर प्रदेश में सक्रिय नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी की यूपी में मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव भी मुख्य रूप से सोशल मीडिया तक सीमित दिखाई देते हैं।

विपक्षी दल पर लगाया ये आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल आपसी प्रतिस्पर्धा में उलझे हुए हैं और नंबर दो व नंबर तीन की लड़ाई लड़ रहे हैं। पाल के मुताबिक कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी अभी भी परिवार केंद्रित और व्यक्तिगत राजनीति से बाहर नहीं निकल पाई हैं।

पूर्वांचल में विकास कार्यों का किया जिक्र

सांसद ने अपने क्षेत्र और पूर्वांचल में चल रही विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बस्ती और सिद्धार्थनगर में लगभग 400 से 500 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है। खलीलाबाद-ढेलियागंज-बांसी रेल लाइन का निर्माण भी आगे बढ़ रहा है।

एक्सप्रेसवे और कनेक्टिविटी पर भी कही ये बात

उन्होंने क्षेत्र में एक्सप्रेसवे और कनेक्टिविटी से जुड़े प्रोजेक्ट्स को भी विकास की दिशा में अहम बताया। उनके मुताबिक गोरखपुर-शामली आठ लेन एक्सप्रेसवे समेत कई नए एक्सप्रेसवे पूर्वांचल के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा दे रहे हैं। इसके साथ ही जिलों में मेडिकल कॉलेज और अयोध्या व गोरखपुर में एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का विस्तार हुआ है।

कई योजना पर भी की बात

गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच का जिक्र करते हुए उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली कनेक्शन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं को भी सरकार की उपलब्धियों में गिनाया।

महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष पर हमला

महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी जगदंबिका पाल ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विपक्षी दलों पर इस मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की पहल का विरोध करना सीधे तौर पर महिला सशक्तिकरण के खिलाफ खड़ा होना है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 17 राज्यों में आफत की बारिश, 65 KM की रफ्तार से तूफानी हवाओं की चेतावनी

सरकार के खिलाफ ठोस नीति नहीं- जगदंबिका पाल

 उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ ठोस नीति और स्पष्ट दिशा नहीं है। उनके अनुसार विपक्ष जहां आपसी खींचतान और सोशल मीडिया की राजनीति में उलझा है, वहीं जनता विकास और योजनाओं के आधार पर आगामी चुनाव में एक बार फिर बीजेपी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार पर भरोसा जताने के लिए तैयार है।