टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

'हे राम! मंदिरों को बचाओ, आंध्र प्रदेश को बचाओ', मंदिर तोड़े जाने पर CM चंद्रबाबू नायडू पर बरसे YS जगन मोहन रेड्डी

Pradeep Singh · 24 नवम्बर 2026
वाईएस जगन मोहन रेड्डी

अमरावती: आंध्र प्रदेश में सदियों पुराने अभय अंजनेय स्वामी मंदिर को गिराए जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के मंदिरों को वैकल्पिक व्यवस्था तलाशे बिना ध्वस्त किया जा रहा है।

जगन मोहन रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "हे राम! मंदिरों को बचाओ! आंध्र प्रदेश को बचाओ! मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के शासन में यह सिलसिला जारी है।"

उन्होंने अनंतपुर जिले के अंजनैयापुरम स्थित सदियों पुराने अभय अंजनेय स्वामी मंदिर को बुलडोजर से गिराए जाने पर नाराजगी जताई। जगन ने कहा कि मंदिर को इस तरह ध्वस्त करना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर हमला है और यह बेहद परेशान करने वाला है।

जगन ने मंदिरों के विध्वंस के पुराने मामलों का किया जिक्र

YSRCP प्रमुख ने अपने बयान में तिरुमाला के ऐतिहासिक हजार स्तंभों वाले मंडपम, विजयवाड़ा में कृष्णा पुष्करालु के दौरान 40 मंदिरों और बडवेल स्थित कासिनायना ज्योति क्षेत्रम में हुई तोड़फोड़ का भी जिक्र किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पवित्र धार्मिक स्थलों को गिराने का सिलसिला जारी है और इन्हें बचाने के लिए दूसरे विकल्पों पर विचार नहीं किया जा रहा है।

SRIVANI ट्रस्ट का जिक्र कर सरकार को घेरा

जगन मोहन रेड्डी ने अपनी पूर्ववर्ती YSRCP सरकार के कार्यकाल का हवाला देते हुए SRIVANI ट्रस्ट का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने देशभर में मंदिरों के निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए इस ट्रस्ट की स्थापना की थी।

इसके विपरीत उन्होंने चंद्रबाबू नायडू सरकार पर ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों को बुलडोजर से ध्वस्त करने का आरोप लगाया।

अपने पोस्ट के अंत में जगन ने राज्य सरकार की मंदिरों और सनातन धर्म के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या यही सनातन धर्म की रक्षा करने का सरकार का तरीका है?

इस मुद्दे पर जगन मोहन रेड्डी के बयान के बाद आंध्र प्रदेश की राजनीति में मंदिरों के संरक्षण और धार्मिक विरासत को लेकर बहस तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें: SP-कांग्रेस अलायंस में सीट शेयरिंग पर इमरान मसूद का बयान, बोले- 'गठबंधन में कुछ मांगने की जरूरत नहीं'