टीएनपी न्यूज़
होम / विदेश
विदेश

इजरायल का दावा- दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह का वरिष्ठ कमांडर अबू हसन अला मारा गया

Rajeev Singh · 16 अगस्त 2026
ISRAEL Defence Minister

तेल अवीव। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने दावा किया है कि उसने दक्षिणी लेबनान के दीर एज़-जहरानी इलाके में एक लक्षित हमले के दौरान हिजबुल्लाह के वरिष्ठ कमांडर अबू हसन अला को मार गिराया है। इजरायली सेना ने रविवार सुबह इसकी जानकारी दी।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अबू हसन अला हिजबुल्लाह की बदर यूनिट का एक प्रमुख कमांडर था और क्षेत्र में इजरायली सैनिकों के खिलाफ अभियानों को निर्देशित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।

सैन्य मुख्यालय पर सटीक हवाई हमला

इजरायली सेना ने बताया कि यह कार्रवाई दक्षिणी लेबनान के अंसार इलाके में हिजबुल्लाह के एक सैन्य मुख्यालय पर किए गए सटीक हवाई हमलों के बाद की गई। इस हमले में हिजबुल्लाह की एलीट रदवान फोर्स के बटालियन कमांडर अली समीर अल-हज हसन के मारे जाने का भी दावा किया गया।

इजरायल के तीन सैनिक गंभीर रूप से घायल

IDF के मुताबिक, ये हवाई हमले सप्ताहांत में सीमा पार हुई एक घटना के जवाब में किए गए, जिसमें इजरायल के तीन सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए थे।

अंसार इलाके में हुए हमले में आम नागरिकों के हताहत होने की खबरों पर इजरायली सेना और प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि हमले के समय हिजबुल्लाह कमांडर के परिवार के सदस्य परिसर के अंदर मौजूद थे।

इजरायली सेना ने बयान जारी कर कहा कि "आतंकवादी ने अपने परिवार को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल किया और सैन्य मुख्यालय के अंदर उनके साथ छिपा हुआ था।" सेना ने आरोप लगाया कि हिजबुल्लाह जानबूझकर नागरिकों को सैन्य ठिकानों के पास रखता है ताकि इजरायल पर आम लोगों को निशाना बनाने का आरोप लगाया जा सके।

इजरायल ने कई मोर्चों पर किया सुरक्षा अभियान तेज

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब इजरायल कई मोर्चों पर सुरक्षा अभियान तेज कर रहा है। इजरायली नौसेना ने गाजा तट पर नई समुद्री सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है, जिसे "आयरन वॉल" नाम दिया गया है। इजरायल का कहना है कि हमास समुद्री हमलों की क्षमता को दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।

वेस्ट बैंक में भी इजरायली सुरक्षा बलों ने कुसरा गांव के पास दो अवैध चौकियों को हटाने की कार्रवाई की। यह कदम सप्ताहांत में इजरायली निवासियों और स्थानीय लोगों के बीच बढ़े तनाव और झड़पों के बाद उठाया गया।

इजरायल-लेबनान सीमा पर लगातार बढ़ रहा तनाव

इजरायल-लेबनान सीमा पर तनाव लगातार बढ़ रहा है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने आगे भी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी इजरायली सैनिकों और नागरिकों को नुकसान पहुंचाएगा, उसके खिलाफ पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा।

काट्ज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "किसी भी मोर्चे पर कोई हिसाब बाकी नहीं रहेगा। जो हमारे सैनिकों और नागरिकों को नुकसान पहुंचाएगा, उस पर पूरी ताकत से हमला किया जाएगा।"

यह भी पढ़ें:  सिंधी राष्ट्र ने भारत को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, सिंध की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं को मान्यता देने की अपील

इस बीच, लेबनान की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के अनुसार, शनिवार को दक्षिणी लेबनान में हुए इजरायली हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई और 19 लोग घायल हुए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

Written By: Pradeep Singh