देश
पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर भारत सरकार सख्त, Netflix को दी हिदायत
Ajit Kumar Singh · 26 नवम्बर 2026
pakistani content ban
नई दिल्ली: सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने Netflix को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि पाकिस्तान का कंटेंट भारत में सब्सक्राइबर्स को उपलब्ध न कराया जाए। मंत्रालय ने पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर OTT प्लेटफॉर्म Netflix से कहा है कि पाकिस्तान में बने किसी भी फिल्म, वेब सीरीज या अन्य कंटेंट को भारत में स्ट्रीम न किया जाए।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने Netflix को दिए निर्देश
दरअसल, यह निर्देश पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचाए हैं संग समेट लो' को लेकर उठे विवाद के बीच आया है। Netflix की इस पाकिस्तानी वेब सीरीज का ट्रेलर 25 नवंबर को जारी किया गया था। यह सीरीज 4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होने वाली है। इसमें पाकिस्तानी कलाकार फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, हानिया आमिर और अहद रजा मीर नजर आएंगे। हालांकि, भारत में इसकी उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पाकिस्तान में बने कंटेंट को तत्काल बंद करने की सलाह दी
इस संदर्भ में सूचना और प्रसारण मंत्रालय को इस सीरीज की भारत में संभावित रिलीज को लेकर कई शिकायतें और आपत्तियां मिली थीं। इसके बाद मंत्रालय ने Netflix को 8 मई 2025 की अपनी एडवाइजरी का पालन करने और पहले दिए गए आश्वासन पर कायम रहने को कहा है। दरअसल, पहलगाम आतंकी हमले के बाद 8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने OTT प्लेटफॉर्म और डिजिटल स्ट्रीमिंग सेवाओं को पाकिस्तान में बने कंटेंट को तत्काल बंद करने की सलाह दी थी। जिसमें फिल्में, वेब सीरीज, गाने, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल कंटेंट शामिल थे।
ये भी पढ़ें- CM योगी की प्रदेशवासियों से अपील, बोले- अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी याद रखें