28 साल पुराने सेनापति की फिर वापसी, 'Indian 3' का पहला लुक देखकर फैंस बोले - अब आएगा मजा
Indian 3: कमल हासन के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से जिस फिल्म को लेकर सस्पेंस बना हुआ था, अब उस पर बड़ा अपडेट सामने आया है।
डायरेक्टर शंकर ने गुरुवार को कमल हासन स्टारर 'Indian 3' का पहला लुक पोस्टर जारी कर दिया है। इसके साथ ही फिल्म के दोबारा शुरू होने के संकेत मिल गए हैं।
घोड़े पर सवार दिखे तीन लोग, लिखा- 'The Resurgence Begins'
शंकर ने अपने X हैंडल पर Indian 3 का पोस्टर शेयर किया। पोस्टर में तीन लोग घोड़ों पर सवार नजर आ रहे हैं। पोस्टर पर लिखा है- 'The Resurgence Begins', यानी एक बार फिर वापसी की शुरुआत। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस Lyca Productions ने भी सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि 'सेनापति वापस आ गए हैं और इस बार जीरो टॉलरेंस के साथ।' पोस्ट के साथ 'War Mode' का भी जिक्र किया गया है। इस पोस्टर के सामने आने के बाद फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह एक बार फिर बढ़ गया है।
'Indian 2' के बाद बंद होने की थी चर्चा
Indian 3 को लेकर काफी समय से तरह-तरह की खबरें सामने आ रही थीं। साल 2024 में रिलीज हुई Indian 2 उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी और फिल्म को आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा था। इसके बाद ऐसी चर्चाएं तेज हो गई थीं कि Indian 3 को शायद आगे नहीं बनाया जाएगा। फिल्म की शूटिंग और रिलीज में देरी ने इन अटकलों को और हवा दी थी। अब शंकर की ओर से पहला लुक जारी होने के बाद इन चर्चाओं पर काफी हद तक विराम लगता दिख रहा है।
फिर सेनापति बनेंगे कमल हासन
Indian 3 में कमल हासन एक बार फिर सेनापति के किरदार में नजर आएंगे। यह वही किरदार है जिसे उन्होंने 1996 में आई फिल्म Indian में निभाया था। इसके बाद Indian 2 के जरिए करीब 28 साल बाद इस किरदार की वापसी हुई थी। Indian 3 इसी कहानी को आगे बढ़ाने वाली फिल्म है। फिल्म में कमल हासन के साथ कई अन्य कलाकार भी नजर आएंगे।
'Indian' फ्रेंचाइजी में शंकर-कमल की जोड़ी
Indian फ्रेंचाइजी में कमल हासन और डायरेक्टर एस. शंकर की जोड़ी एक बार फिर साथ है। Indian 2 में समुथिरकानी, बॉबी सिम्हा, काजल अग्रवाल, सिद्धार्थ, रकुल प्रीत सिंह और प्रिया भवानी शंकर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे।Indian 2 का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया था। फिल्म की कहानी और लेखन टीम में जयमोहन, काबिलन वैरामुथु और लक्ष्मी सरवनकुमार शामिल थे। अब Indian 3 का पहला पोस्टर सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि सेनापति की अगली लड़ाई किसके खिलाफ होगी और फिल्म की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ेगी।