टीएनपी न्यूज़
होम / विदेश
विदेश

'हम उन्हें रोक नहीं...' रूसी तेल खरीद को लेकर यूरोपीय सांसदों के बयान ने बढ़ाई हलचल, भारत का किया जिक्र, जानें सबकुछ

Anurag Kumar Tripathi · 13 नवम्बर 2026
india on russia oil

India on Russian Oil: रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर भारत एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में है। यूक्रेन युद्ध के बाद से रूस के ऊर्जा कारोबार पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश कर रहे पश्चिमी देशों के बीच यूरोपीय सांसदों का एक बयान सुर्खियों में है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सांसदों ने माना है कि भारत और चीन जैसे देशों को रूसी तेल खरीदने से रोकना आसान नहीं है। उनके बयान ने यूरोप की प्रतिबंध नीति और भारत की ऊर्जा रणनीति पर नई बहस छेड़ दी है।

भारत क्यों खरीद रहा है रूस से तेल?

भारत की रूसी तेल खरीद के पीछे सबसे बड़ी वजह देश की ऊर्जा जरूरतें और आर्थिक हित हैं। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कच्चा तेल आयातक है। देश की बड़ी आबादी और औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए सरकार के लिए तेल की नियमित और किफायती आपूर्ति बेहद जरूरी है।

रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद रूस ने पश्चिमी देशों के बाजारों से दूरी बढ़ने पर दूसरे देशों को रियायती दरों पर कच्चा तेल बेचना शुरू किया। भारत की रिफाइनरियों ने इस अवसर का फायदा उठाया और रूसी तेल का आयात बढ़ाया।

भारत का स्पष्ट रुख रहा है कि तेल खरीदने के फैसले देश की ऊर्जा सुरक्षा, कीमत और उपलब्धता को ध्यान में रखकर किए जाते हैं।

अक्टूबर में रूसी तेल खरीद में हुई बढ़ोतरी

रूस से भारत की तेल खरीद के आंकड़े भी इस बहस को हवा दे रहे हैं। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में भारत का रूसी कच्चे तेल का आयात सितंबर के मुकाबले 10 प्रतिशत बढ़ा। भारत ने इस महीने रूस के कुल समुद्री कच्चे तेल निर्यात का करीब 37 प्रतिशत खरीदा, जिसकी कीमत लगभग 6.41 अरब डॉलर रही।

यूरोपीय सांसदों के बयान से बढ़ी हलचल

यूरोपिन सांसदों ने कहा, “हमने रूस पर प्रतिबंध लगाए हैं, लेकिन भारत और चीन इसका पूरा फायदा उठा रहे हैं और रूस से बड़ी मात्रा में सस्ता तेल खरीद रहे हैं। हम भारत और चीन को यह नहीं बता सकते कि उन्हें क्या करना चाहिए। हम इससे खुश नहीं हैं, लेकिन हम उन्हें रोक भी नहीं सकते।”

यूरोप और अमेरिका का मानना है कि अगर रूस आर्थिक तौर पर कमजोर होगा तो यूक्रेन के खिलाफ युद्ध खत्म कर देगा। रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमला किया था। जिसके बाद से ही लगातार भारत रूस से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल खरीद रहा है। 

 यह भी पढ़े - Pakistan Water Crisis: भुखमरी के बाद अब बूंद-बूंद के लिए तरसता पाक, खेतों में पानी की किल्लत से पड़ोसी मुल्क में हड़कंप, जानें सबकुछ