बारिश ने बिगाड़ा विपक्ष का कार्यक्रम, CEC के खिलाफ महाभियोग का सार्वजनिक आयोजन टला, अब 31 अक्टूबर को होगी मार्च की तैयारी
Delhi News: दिल्ली में बारिश के चलते INDIA ब्लॉक का मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित सार्वजनिक महाभियोग कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। शुक्रवार को होने वाला यह कार्यक्रम अब शनिवार, 31 अक्टूबर को उसी समय आयोजित किया जाएगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि बारिश में वरिष्ठ नेताओं को बैठने में परेशानी हो सकती थी, इसलिए सभी नेताओं की सहमति से कार्यक्रम को एक दिन आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया।
राहुल गांधी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि कार्यक्रम को लेकर विपक्षी दलों के बीच सहमति बनी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम का समय वही रहेगा, केवल तारीख में बदलाव किया गया है।
1 नवंबर को रामलीला मैदान में जुटेगा विपक्ष
राहुल गांधी ने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की ओर से मार्च और रैली आयोजित की जाएगी। इसमें राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ सामाजिक संगठनों, सिविल सोसायटी, पत्रकारों और आम लोगों को भी शामिल होने का न्योता दिया गया है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़ा मुद्दा बताते हुए विपक्ष के साझा विरोध का कार्यक्रम बताया।
राहुल गांधी का आरोप- लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा
राहुल गांधी ने दावा किया कि गृह मंत्री की ओर से यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से दिल्ली आने वाले लोगों को रोकने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, ये आरोप राहुल गांधी ने लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि 1 नवंबर की रैली में लोगों की भागीदारी से यह सामने आएगा कि चुनावी प्रक्रिया और वोट के अधिकार को लेकर आम लोगों में क्या भावना है।
संविधान और वोट के अधिकार का मुद्दा उठाएगा विपक्ष
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लाखों लोगों को मताधिकार से वंचित किए जाने और वोटों की चोरी जैसे मुद्दों को लेकर जनता में नाराजगी है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व के साथ उद्योगपतियों गौतम अडानी और मुकेश अंबानी का भी जिक्र किया और कथित चुनावी अनियमितताओं से लाभ मिलने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि यह अलग-अलग दलों का विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि पूरे विपक्ष का साझा कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य संविधान, भारत की अवधारणा और नागरिकों के वोट देने के अधिकार की रक्षा करना है।
खड़गे के आवास पर होनी थी बैठक
शुक्रवार को प्रस्तावित सार्वजनिक कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर होना था। इससे पहले राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पवन खेड़ा, केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश समेत INDIA ब्लॉक के कई नेता खड़गे के आवास पर पहुंचने लगे थे।
अब बारिश के कारण कार्यक्रम शनिवार को होगा, जबकि विपक्ष की बड़ी रैली 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित की जाएगी।
और पढे़ं: 'हमारे किसान, हमारे अन्नदाता', PM-KISAN योजना के तहत मिले 18 हजार करोड: PM मोदी