Fat Dogs Of Delhi: क्या बढ़ता मोटापा कुत्तों के लिए खतरे की घंटी है?
Fat Dogs Of Delhi: दिल्ली में इन दिनों 'Fat Dogs Of Delhi' नाम का एक अनोखा ऑनलाइन मुकाबला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यह प्रतियोगिता किसी इंसान की खूबसूरती या टैलेंट पर नहीं, बल्कि शहर के सबसे वजनदार कुत्तों को लेकर है। लोगों ने अपने पसंदीदा कुत्तों के समर्थन में पोस्टर, सोशल मीडिया कैंपेन और वोट अपील तक शुरू कर दी हैं। हालांकि, इस मजेदार पहल के बीच कुत्तों के स्वास्थ्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
कैसे शुरू हुआ मुकाबला?
यह प्रतियोगिता दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में नजर आने वाले भारी-भरकम कुत्तों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा किए जाने से शुरू हुई। देखते ही देखते लोगों ने अपने आसपास के कुत्तों को उनके नाम और इलाके के साथ प्रतियोगिता में शामिल करना शुरू कर दिया। शुरुआती दौर में करीब 64 कुत्ते मुकाबले का हिस्सा बने।
इसके बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग चरणों में वोटिंग कराई गई। लोगों ने अपने पसंदीदा कुत्तों को जिताने के लिए जमकर वोट किए। कई प्रतिभागियों के लिए पोस्टर और ऑनलाइन कैंपेन भी चलाए गए, जिससे प्रतियोगिता की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ज्यादा वजन कुत्तों के लिए जोखिम भरा
कुत्तों में जरूरत से ज्यादा वजन कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। अधिक वजन से उनके जोड़ों और हड्डियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे चलने-फिरने में परेशानी और शारीरिक गतिविधि में कमी आ सकती है। मोटापा डायबिटीज, हृदय और सांस से जुड़ी समस्याओं का जोखिम भी बढ़ा सकता है। हालांकि, हर कुत्ते का वजन सिर्फ ज्यादा खाना खाने की वजह से नहीं बढ़ता। हार्मोन से जुड़ी समस्याएं और नसबंदी के बाद शरीर में होने वाले बदलाव भी वजन बढ़ने की वजह बन सकते हैं।
वजन नहीं, सेहत है जरूरी
भारी-भरकम कुत्ते तस्वीरों में भले ही लोगों को प्यारे और मजेदार लगें, लेकिन पालतू या स्ट्रीट डॉग के लिए स्वस्थ वजन ज्यादा महत्वपूर्ण है। अतिरिक्त वजन उनकी दौड़ने, खेलने और सामान्य गतिविधियों की क्षमता को प्रभावित कर सकता है और लंबे समय में जीवन की गुणवत्ता भी कम कर सकता है।
इसलिए 'Fat Dogs Of Delhi' जैसी प्रतियोगिता मनोरंजन का जरिया हो सकती है, लेकिन कुत्तों का वजन बढ़ाना या मोटापे को बढ़ावा देना उनकी सेहत के लिहाज से सही नहीं माना जा सकता। किसी भी कुत्ते के लिए असली जीत उसका स्वस्थ, सक्रिय और खुश रहना है।
ये भी पढ़ें: GATE 2027 Registration Date: आज आखिरी मौका! रात तक भर दें आवेदन फॉर्म