टीएनपी न्यूज़
होम / विदेश
विदेश

पाकिस्तान की जेल में इमरान खान की बिगड़ रही सेहत? पूर्व PM ने अदालत से मांगा इलाज

Shivashakti Narayan Singh · 16 नवम्बर 2026
पाकिस्तान की जेल में इमरान खान की बिगड़ रही सेहत?

Imran Khan Health: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल में अपनी सेहत को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट के जजों को एक खुला पत्र लिखकर आशंका जताई है कि अगर उनकी मौजूदा स्थिति ऐसी ही बनी रही तो शायद वह जेल से जिंदा वापस न लौट पाएं। इमरान खान ने अपने साथ-साथ पत्नी बुशरा बीबी के लिए भी बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

सोमवार को सार्वजनिक हुए इस पत्र में इमरान खान ने आरोप लगाया कि जेल में उन्हें जरूरी इलाज और परिवार से मिलने की सुविधा नहीं दी जा रही है। उन्होंने पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट, फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट और इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को संबोधित करते हुए अपनी स्थिति से अवगत कराया है।

22 घंटे तक एकांत में रखने का दावा

इमरान खान के मुताबिक, उन्हें 20 दिसंबर 2025 से लगातार एकांत कारावास में रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि दिन के करीब 22 घंटे तक उनका बाहरी दुनिया से संपर्क पूरी तरह बंद रहता है। इस दौरान उन्हें परिवार, वकीलों और मीडिया से भी बातचीत करने की अनुमति नहीं मिलती। इमरान खान के वकील सलमान सफदर ने 11 नवंबर को अदियाला जेल में उनसे मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह पत्र साझा किया। बताया गया कि इमरान खान ने अपने वकील से कहा था कि उनकी बात सीधे अदालत के जजों तक पहुंचाई जाए।

ब्लड प्रेशर 192-193 तक पहुंचने का दावा

पत्र में 74 वर्षीय इमरान खान ने अपनी स्वास्थ्य स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि 10 नवंबर को उनका ब्लड प्रेशर 192-193 तक पहुंच गया था। उनके मुताबिक, डॉक्टरों ने इस स्थिति में ब्रेन हेमरेज और कार्डियक अरेस्ट जैसे गंभीर खतरे की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि लगातार बिगड़ती सेहत और इलाज की कमी उन्हें ऐसी स्थिति में पहुंचा सकती है, जहां से जिंदा लौटना मुश्किल हो जाए। इसी आधार पर उन्होंने अदालत से जल्द चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।

बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी को लेकर भी चिंता

इमरान खान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी के स्वास्थ्य का मुद्दा भी पत्र में उठाया है। उन्होंने दावा किया कि बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी लगातार कमजोर हो रही है और उन्हें दोबारा सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। पत्र के अनुसार, अप्रैल में उनकी आंख का रेटिना अलग होने के बाद सर्जरी की गई थी। इमरान खान का आरोप है कि इसके बाद बुशरा बीबी को फिर एकांत में रखा गया और उन्हें अपने डॉक्टरों से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने 11 नवंबर की मुलाकात का हवाला देते हुए कहा कि उस समय बुशरा बीबी रोशनी सहन नहीं कर पा रही थीं और अपनी आंखें तक नहीं खोल पा रही थीं। इमरान खान ने आशंका जताई कि समय पर इलाज नहीं मिलने से उनकी पत्नी की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश नहीं मानने का आरोप

इमरान खान ने पत्र में जेल प्रशासन पर अदालत के आदेशों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया है। उनके मुताबिक, 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट करने, मेडिकल बोर्ड गठित करने और परिवार से मुलाकात की अनुमति देने का निर्देश दिया था। हालांकि, उनका दावा है कि इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि वह अदालत से कोई विशेष कानूनी लाभ नहीं मांग रहे हैं, बल्कि केवल मानवीय आधार पर इलाज और न्याय चाहते हैं।

‘बेगुनाही साबित करने के लिए जिंदा रहना जरूरी’

अपने पत्र के आखिर में इमरान खान ने कहा कि वह अपनी बेगुनाही तभी साबित कर पाएंगे, जब जीवित रहेंगे। उन्होंने जजों से अपील की कि उनकी और बुशरा बीबी की चिकित्सा जरूरतों को गंभीरता से लिया जाए और बहुत देर होने से पहले उचित कदम उठाए जाएं। इमरान खान की यह अपील ऐसे समय सामने आई है, जब उनकी जेल में रहने की परिस्थितियों और स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।