टीएनपी न्यूज़
होम / शिक्षा
शिक्षा

अब IIT से डॉक्टर भी बनेंगे, खड़गपुर में शुरू होंगे 6 मेडिकल कोर्स; इन 6 विषयों में मिलेगा एडमिशन

Shivashakti Narayan Singh · 13 नवम्बर 2026
अब IIT से डॉक्टर भी बनेंगे

IIT Kharagpur Medical Courses: अब तक IIT का नाम आते ही इंजीनियरिंग की पढ़ाई और तकनीकी रिसर्च का ख्याल आता था, लेकिन अब इस संस्थान से डॉक्टर बनने का रास्ता भी खुलने जा रहा है। देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शामिल IIT खड़गपुर को पोस्ट ग्रेजुएट (PG) मेडिकल कोर्स शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) की अनुमति के बाद संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से मेडिकल शिक्षा का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।

इस पहल के साथ IIT खड़गपुर देश का पहला IIT बन गया है, जहां नियमित PG मेडिकल कोर्स की शुरुआत होने जा रही है। संस्थान के डॉक्टर बीसी रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर में MD की पढ़ाई के लिए पहला बैच इसी सत्र से आएगा। शुरुआत में छह मेडिकल विषयों में पढ़ाई कराई जाएगी। खास बात यह है कि यहां मेडिकल साइंस के साथ तकनीक और रिसर्च को भी जोड़ने की तैयारी है।

IIT खड़गपुर में किन 6 मेडिकल कोर्स की होगी पढ़ाई?

संस्थान को फिलहाल छह विषयों में PG मेडिकल शिक्षा शुरू करने की मंजूरी मिली है। इनमें शामिल हैं:

1. जनरल मेडिसिन: इसमें अलग-अलग बीमारियों की पहचान, इलाज और मरीजों की देखभाल से जुड़ी पढ़ाई होगी।
2. रेडियोलॉजी: एक्स-रे, सीटी स्कैन और MRI जैसी तकनीकों के जरिए बीमारियों की जांच और पहचान करना सिखाया जाता है।
3. फिजियोलॉजी: मानव शरीर के अलग-अलग अंगों और उनके काम करने के तरीकों का अध्ययन किया जाता है।
4. पैथोलॉजी: खून, ऊतकों और शरीर के दूसरे नमूनों की जांच के जरिए बीमारियों का पता लगाने की पढ़ाई होती है।
5. कम्युनिटी मेडिसिन: इसमें समाज और समुदाय के स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं, बीमारियों की रोकथाम और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े विषय पढ़ाए जाते हैं।
6. बायोकेमिस्ट्री: मानव शरीर में होने वाली रासायनिक प्रक्रियाओं और उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन किया जाता है।

इन विषयों के जरिए संस्थान अलग-अलग मेडिकल विशेषज्ञताओं में डॉक्टरों को प्रशिक्षित करेगा। हालांकि, हर विषय में सीटों की संख्या और अन्य विस्तृत जानकारी के लिए संस्थान की आधिकारिक एडमिशन सूचना देखना जरूरी होगा।

NEET-PG के जरिए मिलेगा एडमिशन

IIT खड़गपुर के मेडिकल कोर्स में दाखिला लेने के लिए छात्रों को NEET-PG की प्रक्रिया से गुजरना होगा। यानी एडमिशन का तरीका दूसरे मेडिकल संस्थानों की तरह ही रहेगा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इन कोर्स में सीटें NEET-PG काउंसलिंग के राउंड-2 में शामिल की जाएंगी। इसका मतलब है कि केवल IIT में पढ़ने की इच्छा रखने से दाखिला नहीं मिलेगा। उम्मीदवारों को NEET-PG की पात्रता और काउंसलिंग से जुड़े नियम पूरे करने होंगे। सीट मिलने की प्रक्रिया संबंधित काउंसलिंग शेड्यूल के अनुसार होगी।

IIT में मेडिकल की पढ़ाई शुरू करने की जरूरत क्यों पड़ी?

आज इलाज की दुनिया में तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है। बीमारी की पहचान से लेकर ऑपरेशन और मरीजों की निगरानी तक कई क्षेत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल उपकरणों और आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल हो रहा है। ऐसे में मेडिकल साइंस और इंजीनियरिंग को एक साथ लाने की जरूरत महसूस की जा रही है। IIT खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने इस पहल को मेडिकल शिक्षा के भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उनके मुताबिक, संस्थान का लक्ष्य केवल विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करना नहीं है, बल्कि ऐसा शैक्षणिक माहौल बनाना है जहां इलाज, इंजीनियरिंग, AI और रिसर्च एक-दूसरे से जुड़ सकें।