कराची में आज भी बोलते हैं हरियाणवी! बंटवारे के बाद भी नहीं भूले अपनी मिट्टी और संस्कृति
Karachi Haryana Colony: सोशल मीडिया पर इन दिनों पाकिस्तान के कराची का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर भारतीय यूजर्स भावुक हो रहे हैं। इस वीडियो में पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर रजीक खान कराची की एक ऐसी जगह दिखाते हैं, जिसका नाम सुनकर हर कोई हैरान रह जाता है। दरअसल, कराची में भी एक हरियाणा बसा हुआ है, जहां आज भी हरियाणवी संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलती है।
कराची में कहां है हरियाणा कॉलोनी?
वायरल वीडियो की शुरुआत में रजीक खान कहते हैं, देखा होगा आपने इंडिया का हरियाणा, आज हम आपको दिखाएंगे कराची का हरियाणा। इसके बाद वह दर्शकों को कराची की हरियाणा कॉलोनी की सैर कराते हैं। इस इलाके को हरियाणा कॉलोनी और हरियाणा चौक के नाम से भी जाना जाता है।
View this post on InstagramA post shared by Raziq Khan (@raziqkhan_111)
बताया जाता है कि इस कॉलोनी में हरियाणा से संबंध रखने वाले परिवार रहते हैं। साल 1947 में भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के दौरान कई परिवारों को अपनी जन्मभूमि छोड़कर पाकिस्तान जाना पड़ा था। हालांकि, देश और सरहद बदलने के बावजूद इन लोगों ने अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं को नहीं छोड़ा।
आज भी सुनाई देती है हरियाणवी बोली
कराची की इस कॉलोनी की सबसे खास बात यहां के लोगों की बोली और रहन-सहन है। यहां रहने वाले लोग आज भी हरियाणवी अंदाज में बातचीत करते हैं। उनकी भाषा, खान-पान और आपसी मेलजोल में अपनी पुरानी मिट्टी की झलक दिखाई देती है। वीडियो में एक स्थानीय व्यक्ति हरियाणा कॉलोनी को गुलदस्ता बताते हुए कहता है कि यहां अलग-अलग बिरादरियों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं।
कराची में बिहार और तमिलनाडु की भी झलक
कराची में केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि बिहार, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से जुड़ी सांस्कृतिक पहचान वाले समुदाय भी मौजूद हैं। इन इलाकों में आज भी अलग-अलग क्षेत्रों की भाषाओं और परंपराओं की झलक देखने को मिलती है।
वीडियो देखकर भावुक हुए भारतीय यूजर्स
वीडियो सामने आने के बाद भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि 1947 में सरहदें जरूर बंट गईं, लेकिन लोगों के दिलों में अपनी जन्मभूमि आज भी जिंदा है। यह वीडियो एक बार फिर याद दिलाता है कि संस्कृति और अपनी जड़ों का रिश्ता सीमाओं से कहीं बड़ा होता है।
ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ मामले के बाद मुंबई पुलिस ने एक्टर्स को भीड़ और फैंस के जमावड़े से बचने की दी सलाह