‘अपना खून-अपना समय…’ हरमनप्रीत कौन ने कप्तानी से दिया इस्तीफा, भावुक पोस्ट में बयां किए सालों के दर्द
Harmanpreet kaur: हरमनप्रीत कौर ने सभी फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ दी है। उन्होंने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में अपने फैसले की घोषणा की। हरमनप्रीत का यह फैसला एशियन गेम्स 2026 में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने के बाद आया है।
हरमनप्रीत ने कहा कि यह फैसला आसान नहीं था और यह कप्तान के तौर पर उनके समय की सालों की यादों, भावनाओं और त्याग को दिखाता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने टीम और भारतीय महिला क्रिकेट को सब कुछ दिया है, कभी-कभी टीम के फायदे के लिए अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, व्यक्तिगत विकास और महत्वाकांक्षाओं को किनारे रखा है।
इंस्टाग्राम पर शेयर का भावुक पोस्ट
भारतीय महिला टीम की कप्तानी छोड़ने की घोषणा हरमनप्रीत कौर ने इंस्टाग्राम के जरिए की। उन्होंने एक पोस्ट शेयर करके लिखा,
“आज, मैं सभी फॉर्मेट में इंडियन विमेंस क्रिकेट टीम की कैप्टन के पद से हट रही हूं। यह कोई आसान फैसला नहीं है। इसमें सालों की यादें, इमोशन, त्याग और ऐसे पल हैं जो जिंदगी भर मेरे साथ रहेंगे। मैंने इस टीम और इंडियन विमेंस क्रिकेट को अपना सब कुछ दिया है, अपना खून, अपना पसीना, अपना समय, और कई बार, अपने खेल और पर्सनल एम्बिशन का एक हिस्सा। ऐसे पल भी आए जब मुझे अपनी पर्सनल परफॉर्मेंस, अपनी ग्रोथ, और जो मैं अपने लिए चाहती थी, उसे एक तरफ रखना पड़ा, क्योंकि मेरा मानना था कि टीम को पहले आना चाहिए।”
View this post on InstagramA post shared by Harmann (@imharmanpreet_kaur)
मुझे मुश्किल फैसले लेने पड़े- हरमनप्रीत कौर
37 वर्षींय हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी से हटते हुए कहा कि उन्होंने टीम को हमेशा पहले रखा है और इसके लिए उन्होंने कई कठिन फैसले भी लिए हैं। हरमनप्रीत ने लिखा,
“एक कप्तान के तौर पर, मुझे मुश्किल फैसले लेने पड़े हैं। ऐसे फैसले जो हमेशा समझ में नहीं आते थे, हमेशा आसान नहीं होते थे, और कभी-कभी तो उनकी कीमत मुझे खुद चुकानी पड़ती थी। लेकिन मैंने जो भी फैसला लिया, उसका एक ही मकसद था, टीम इंडिया को बेहतर बनाना और दूसरे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, खुद पर विश्वास करने और खुद का सबसे अच्छा वर्जन बनने का मौका देना।”
एक खिलाड़ी के तौर पर जारी रखेंगी सफर
स्टार बल्लेबाज ने सिर्फ कप्तानी के पद से इस्तीफा दिया है लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर वह अपना सफर जारी रखेंगी। इसकी पुष्टि खुद उन्होंने अपने इस पोस्ट में की। हरमनप्रीत ने लिखा,
“हर टीममेट, कोच, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, बीसीसीआई, परिवार के सदस्यों, हर एक फैन का धन्यवाद जो मेरे साथ अच्छे और बुरे समय में खड़े रहे। खून, पसीना, सम्मान, गर्व। मैंने सब कुछ दिया। अब, मैं फिर से खेल के प्यार के लिए खेलने के लिए तैयार हूं। कप्तानी खत्म, सफर जारी है।”
शानदार रहा है हरमनप्रीत का सफर
हरमनप्रीत कौर की कैप्टन के तौर पर सबसे खास अचीवमेंट 2025 में आई, जब उन्होंने महिला टीम इंडिया को अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जिताया। हरमनप्रीत ने भारत के लिए 164 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 37.22 औसत से 4541 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 7 शतक और 24 अर्धशतक ठोके हैं।
इसके अलावा 210 टी20 इंटरनेशनल की 188 पारियों में उन्होंने 30.18 शानदार औसत से 4346 रन बनाए हैं। हरमनप्रीत ने टी20आई में 1 सेंचुरी और 18 हाफ सेंचुरी ठोकी है।
इसके अलावा भारत के लिए खेले 8 टेस्ट की 13 पारियों में उन्होंने 2 अर्धशतक की मदद से 304 रन बनाए हैं। बल्ले के अलावा इस दिग्गज बल्लेबाज ने गेंदबाजी में भी कमाल का प्रदर्शन किया है। टेस्ट में 12, वनडे में 31 और टी20आई में 32 विकेट झटके हैं।
ये भी पढ़ें- दिल्ली कैपिटल्स में दिखेगी गांगुली की ‘दादागिरी,’ IPL 2027 में निभाएंगे नई जिम्मेदारी, खिताब का सूखा करेंगे खत्म!