बारिश से परेशान युवक ने इंद्रदेव की लगाई शिकायत, बोला- मोबाइल नंबर नहीं पता, ‘दिव्य संपर्क माध्यम’ से भेजें नोटिस
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई में लगातार हो रही बारिश से परेशान एक युवक ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। बारिश से परेशान युवक ने सीधे जिलाधिकारी से इंद्रदेव की शिकायत कर दी। उसने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए डीएम से मांग की कि इंद्रदेव को नोटिस भेजकर बारिश रोकने के निर्देश दिए जाएं।
क्या है पूरा मामला?
मामला मल्लावां ब्लॉक के नेवादा परस गांव का है। यहां रहने वाले सूरज तिवारी ने 26 सितंबर को आईजीआरएस पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने लगातार हो रही बारिश से आम लोगों को हो रही परेशानी का जिक्र किया। साथ ही इंद्रदेव के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी कर डाली।
इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं है...
सूरज तिवारी ने अपनी शिकायत में लिखा कि जिले में कई घंटों से कभी तेज तो कभी धीमी बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़क, गलियों और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को भी फसल खराब होने की चिंता सता रही है।
शिकायत में युवक ने लिखा कि इंद्रदेव बिना पूर्व सूचना लगातार बारिश करा रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने डीएम से मामले का संज्ञान लेकर इंद्रदेव को बारिश नियंत्रित करने के निर्देश देने की मांग की।
युवक ने शिकायत में यह भी लिखा कि उसके पास इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं है। इसलिए उन्हें नोटिस भेजने के लिए ‘दिव्य संपर्क माध्यम’ का इस्तेमाल किया जाए।
‘ओह माय गॉड’ फिल्म की याद आई
युवक की यह शिकायत सामने आने के बाद लोगों को अक्षय कुमार और परेश रावल की फिल्म ‘ओह माय गॉड’ (OMG) की याद आ गई। फिल्म में परेश रावल का किरदार भगवान के खिलाफ अदालत पहुंच जाता है। हालांकि फिल्म की कहानी काल्पनिक थी, लेकिन हरदोई में सामने आया यह मामला वास्तविक जिंदगी का है। फर्क इतना है कि यहां युवक अदालत नहीं पहुंचा, बल्कि सरकारी शिकायत पोर्टल के जरिए इंद्रदेव की शिकायत डीएम से कर दी।
सूरज तिवारी ने बताया कि उन्होंने यह शिकायत बारिश से परेशान होकर की थी। उन्हें अंदाजा नहीं था कि उनकी शिकायत इतनी चर्चा में आ जाएगी। वहीं, हरदोई के जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने कहा कि उन्हें अभी तक इस तरह की शिकायत के संज्ञान में आने की जानकारी नहीं है।
लगातार बारिश ने हरदोई में बढ़ाई मुश्किल
हरदोई में 25 सितंबर से लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। जलभराव और फसल प्रभावित होने के साथ कई जर्जर मकान और दीवारें भी खतरा बन गईं।