टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

भारत में खनिजों की आपूर्ति को लेकर सरकार की बड़ी रणनीति, FICCI बैठक में घरेलू संसाधनों को बढ़ावा देने की तैयारी

Ajit Kumar Singh · 21 नवम्बर 2026
government and FICCI meeting
नई दिल्ली: भारत सरकार महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए घरेलू और विदेशी दोनों स्रोतों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। सरकार  खनिजों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसका मकसद लिथियम, निकेल, कोबाल्ट, ग्रेफाइट और रेयर अर्थ एलिमेंट्स जैसे जरूरी खनिजों के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता कम करना और घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना है।

खनिजों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तेज

इस संदर्भ में खान मंत्रालय के सचिव केशव चंद्र ने कहा कि भारत का उद्देश्य महत्वपूर्ण खनिजों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि देश की औद्योगिक और तकनीकी जरूरतों को पूरा किया जा सके। इसके लिए देश के भीतर खनिज संसाधनों की खोज और उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ विदेशों में भी खनिज संपदा के स्रोत तलाशे जा रहे हैं। इन महत्वपूर्ण खनिजों का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में होता है। सरकार की यह पहल भारत को खनिजों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने और विदेशी निर्भरता कम करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

घरेलू और विदेशी स्रोतों पर खान मंत्रालय और FICCI की अहम बैठक

इसे लेकर खान मंत्रालय और फिक्की ( FICCI) की ओर से उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित सीमित प्रतिभागियों की बैठक को संबोधित करते हुए, भारत सरकार के खान मंत्रालय के सचिव श्री केशव चंद्र ने भूवैज्ञानिक अन्वेषण, जिम्मेदार खनन, उन्नत प्रसंस्करण, अनुसंधान, रीसाइक्लिंग और तकनीक-आधारित प्रशासन व्यवस्था के माध्यम से इस क्षेत्र की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए मंत्रालय के सुधार एजेंडे पर प्रकाश डाला। उन्होंने हाल ही में किए गए नीलामी संबंधी सुधारों की भी जानकारी दी। इसी दिशा में केंद्र सरकार ने घरेलू खनन, विदेशी खदानों में निवेश, खनिजों के प्रसंस्करण और पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से उपयोगी खनिजों की पुनर्प्राप्ति पर जोर दिया है।  

ये भी पढ़ें- भारत आएंगे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह, PM मोदी के साथ होगी अहम बैठक; इन मुद्दों पर होगी चर्चा