टीएनपी न्यूज़
होम / शिक्षा
शिक्षा

बिना गारंटी मिलेगा एजुकेशन लोन! कैसे करें अप्लाई

Rajeev Singh · 6 अगस्त 2026
PM Vidyalaxmi Scheme

PM Vidyalaxmi Scheme:  कई बार उच्च शिक्षा का सपना अक्सर आर्थिक तंगी की वजह से अधूरा रह जाता है। अब ऐसा नहीं होगा, इस समस्या को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना (PM Vidyalaxmi Scheme) शुरू की है। इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी मेधावी छात्र की पढ़ाई केवल पैसों की कमी के कारण न रुके। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के उद्देश्यों के अनुरूप शुरू की गई इस योजना के तहत पात्र छात्रों को बिना किसी गारंटी और बिना संपत्ति गिरवी रखे एजुकेशन लोन उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही योग्य छात्रों को ब्याज सब्सिडी और बैंकों को क्रेडिट गारंटी की सुविधा भी दी जाती है।

क्या है पीएम विद्यालक्ष्मी योजना?

प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना केंद्र सरकार की एक विशेष एजुकेशन लोन योजना है। इसके तहत देश के मान्यता प्राप्त और चयनित उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई करने वाले छात्रों को आसान शर्तों पर शिक्षा ऋण मिलता है। पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है,जिससे छात्र एक ही पोर्टल के माध्यम से विभिन्न बैंकों में लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं और अपनी आवेदन स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं।

बिना गारंटी और बिना गिरवी मिलेगा लोन

इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि छात्रों को एजुकेशन लोन लेने के लिए किसी गारंटर की आवश्यकता नहीं होती और न ही किसी जमीन, मकान या अन्य संपत्ति को गिरवी रखना पड़ता है। इसके अलावा 7.5 लाख रुपये तक के एजुकेशन लोन पर केंद्र सरकार 75 प्रतिशत तक की क्रेडिट गारंटी प्रदान करती है। इससे बैंकों का जोखिम कम होता है और छात्रों को आसानी से लोन मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

किन छात्रों को मिलेगा ब्याज सब्सिडी का लाभ?

योजना के तहत परिवार की वार्षिक आय के आधार पर ब्याज में राहत भी दी जाती है। जिन परिवारों की वार्षिक आय 8 लाख रुपये तक है, उन्हें 10 लाख रुपये तक के एजुकेशन लोन पर 3 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी मिलेगी। वहीं,जिन परिवारों की सालाना आय 4.5 लाख रुपये या उससे कम है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी ब्याज सब्सिडी का लाभ दिया जाएगा। हालांकि,एजुकेशन लोन लेने के लिए आय सीमा अनिवार्य नहीं है,लेकिन ब्याज सब्सिडी केवल निर्धारित आय वर्ग के छात्रों को ही मिलेगी।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?

इस योजना का लाभ उन छात्रों को मिलेगा जिन्हें मेरिट के आधार पर राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) के तहत चयनित गुणवत्ता वाले उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश मिला है। इसके अलावा NIRF की शीर्ष रैंकिंग वाले संस्थानों,101 से 200 रैंक वाले राज्य सरकारी संस्थानों तथा केंद्र सरकार के उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययन करने वाले पात्र छात्र भी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन कैसे करें?

1. प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना के तहत आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है।

2. सबसे पहले आधिकारिक PM Vidyalaxmi पोर्टल पर जाएं।

3. New Registration पर क्लिक करके अपना पंजीकरण करें।

4. कॉमन एजुकेशन लोन एप्लीकेशन फॉर्म (CELAF) भरें।

5. आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और अपनी पसंद का बैंक चुनें।

6. आवेदन जमा करने के बाद बैंक उसकी जांच करेगा।

7. आवेदन की स्थिति और आगे की प्रक्रिया की जानकारी पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी।
निष्कर्ष

प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना उन छात्रों के लिए बड़ी राहत है जो आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा हासिल नहीं कर पाते। बिना गारंटी और बिना संपत्ति गिरवी रखे एजुकेशन लोन,ब्याज सब्सिडी और डिजिटल आवेदन प्रक्रिया जैसी सुविधाएं इस योजना को छात्रों के लिए बेहद उपयोगी बनाती हैं। यदि आप या आपके परिवार का कोई छात्र उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता की तलाश में है,तो यह योजना उसके सपनों को नई उड़ान देने का प्रभावी माध्यम साबित हो सकती है।

Written By:  Geeta Sharma

ये भी पढ़ें: सरकारी स्कूल के मिड-डे मील की खुली पोल, पानी वाली सब्जी और सूखी रोटियों का VIDEO वायरल