टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

5 हजार लीटर गंगाजल लेकर नेपाल रवाना हुई कलश यात्रा, पशुपतिनाथ मंदिर में होगा जलाभिषेक

Shivani Gupta · 18 नवम्बर 2026
Ganga Kalash Yatra

हरिद्वार: उत्तराखंड के गंगोत्री धाम से पांच हजार लीटर पवित्र गंगाजल लेकर निकली श्री गंगा कलश यात्रा बुधवार को धर्मनगरी हरिद्वार पहुंची। यहां निरंजनी अखाड़े में संत-महात्माओं की मौजूदगी में विशाल कलश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद कलश यात्रा नेपाल के लिए रवाना हो गई। इस गंगाजल से नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।

निरंजनी अखाड़े में हुआ भव्य स्वागत

हरिद्वार पहुंचने पर श्री गंगा कलश यात्रा का संतों और श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। निरंजनी अखाड़े में आयोजित पूजा-अर्चना के दौरान बड़ी संख्या में संत-महात्मा मौजूद रहे। वैदिक मंत्रों के बीच पवित्र गंगाजल से भरे विशाल कलश की पूजा की गई और इसके बाद यात्रा को नेपाल के लिए रवाना किया गया।

भारत-नेपाल के धार्मिक संबंधों को मजबूत करने की पहल

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी ने बताया कि यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के जरिए दोनों देशों की साझा धार्मिक परंपराओं और आस्था को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

महंत रवींद्र पुरी ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार केदारनाथ में भगवान शिव के पिछले भाग और नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में उनके मुख भाग की पूजा की जाती है। ऐसे में गंगोत्री धाम से गंगाजल लेकर पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचने वाली यह यात्रा विशेष धार्मिक महत्व रखती है।

अगले साल और भव्य होगी कलश यात्रा

महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि प्राचीन धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने वाली इस यात्रा को आगामी वर्ष और अधिक भव्य रूप दिया जाएगा। वहीं, गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश भी इस धार्मिक आयोजन से जुड़े रहे।

पांच हजार लीटर गंगाजल के साथ नेपाल रवाना हुई यह कलश यात्रा भारत और नेपाल की साझा आस्था, संस्कृति और धार्मिक विरासत का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।

रिपोर्ट: अर्चना ढींगरा