Ganesh Chaturthi 2026: पलक मुच्छल ने घर में किया इको-फ्रेंडली बप्पा का स्वागत, बोलीं- ‘हर साल कृतज्ञता का नया एहसास होता है’
मुंबई: सिंगर पलक मुच्छल अपने परिवार के साथ गणेश चतुर्थी का त्योहार मना रही हैं। उन्होंने पांच दिनों के लिए गणपति बप्पा का अपने घर में स्वागत किया है। बचपन से ही गणेश चतुर्थी मनाती आ रहीं पलक ने इंदौर से करीब दो दशक पहले मुंबई आने के बाद भी परिवार की इस परंपरा को जारी रखा है।
गणेश चतुर्थी का त्योहार पलक के लिए हमेशा से बेहद खास
गणेश चतुर्थी के जश्न को लेकर पलक ने बताया कि यह त्योहार उनके परिवार के लिए हमेशा से बेहद खास रहा है। उन्होंने कहा, “जब से मुझे याद है, हम गणेश चतुर्थी मनाते आ रहे हैं और बप्पा पांच दिनों के लिए हमारे घर आते हैं।”
पलक ने बताया कि इस साल भी परिवार ने पर्यावरण के अनुकूल तरीके से गणेश उत्सव मनाने का फैसला किया है। उनकी मां ने अपने हाथों से पूरा मंडप तैयार किया है, जिससे घर में होने वाले उत्सव को खास और व्यक्तिगत स्पर्श मिला है।
उन्होंने कहा, “हर साल की तरह इस बार भी सजावट इको-फ्रेंडली है। मां ने अपने हाथों से पूरा मंडप बनाया है। बप्पा की मूर्ति भी इको-फ्रेंडली है।”
बप्पा से कुछ मांगती नहीं, सिर्फ शुक्रिया कहती हैं पलक
पलक ने बताया कि वह हर साल बीते समय में मिली यादों और आशीर्वाद के लिए बप्पा के प्रति आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने कहा कि वह गणपति बप्पा से कुछ मांगने के बजाय उन्हें धन्यवाद देना पसंद करती हैं।
सिंगर ने कहा, “हर साल हमें पूरे साल मिली यादों और आशीर्वाद के लिए कृतज्ञता का एक नया एहसास होता है। जैसा कि मैं हमेशा कहती हूं, मैं बप्पा से कभी कुछ नहीं मांगती, बल्कि सिर्फ धन्यवाद कहती हूं। और बप्पा हर साल मुझे शुक्रिया कहने की इतनी सारी वजहें देते हैं।”
सितारों ने भी श्रद्धा के साथ मनाई गणेश चतुर्थी
गणेश चतुर्थी के मौके पर बॉलीवुड और मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने भी अपने-अपने अंदाज में बप्पा का स्वागत किया। घर पर सादगी से पूजा करने से लेकर भव्य समारोहों तक, सितारों ने इस त्योहार में अपनी आस्था और पारिवारिक परंपराओं को बनाए रखा।
इस साल गणेश चतुर्थी मनाने वाली हस्तियों में सोनू सूद, शिल्पा शेट्टी, रितेश देशमुख, नाना पाटेकर, सुनीता आहूजा, सुनील शेट्टी, अंकिता लोखंडे, अनन्या पांडे और करीना कपूर खान समेत कई अन्य सितारे शामिल हैं।