टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

छत्तीसगढ़ में 20 लाख के इनामी 5 नक्सलियों ने डाले हथियार, मुख्यधारा में लौटने के बाद अब बुनेंगे अपने भविष्य की नई कहानी

Shailesh Yadav · 29 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में 20 लाख के इनामी 5 नक्सलियों ने डाले हथियार

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ जारी अभियान के बीच सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर में 20 लाख रुपये के कुल इनामी पांच नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। खास बात यह रही कि ये अपने साथ हथियार लेकर भी पहुंचे। आत्मसमर्पण करने वालों में एक डिवीजन कमांडर, दो एरिया कमांडर और दो पार्टी सदस्य शामिल हैं।

कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने रविवार को इसकी जानकारी दी। आत्मसमर्पण करने वाले डिवीजन कमांडर की पहचान चंदर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इन पांचों पर कुल 20 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

हथियार छोड़ने के बाद अब हुनर सीख रहे पूर्व नक्सली
नक्सलवाद का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने वालों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार पुनर्वास की पहल कर रही है। कोशिश है कि पूर्व नक्सली केवल हथियार ही न छोड़ें, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होकर सम्मानजनक जिंदगी भी जी सकें। इसके लिए उन्हें रोजगार से जोड़ने और व्यावसायिक प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जा रही है।

ग्रामोद्योग विभाग की ओर से बस्तर संभाग के पुनर्वास केंद्रों में बुनाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके तहत पूर्व नक्सलियों को चार महीने तक कपड़ा बनाने और हथकरघा मशीन चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सरकार उन्हें घर पर ही करघा उपलब्ध कराएगी, ताकि वे अपना काम शुरू कर सकें।

कभी नक्सली संगठन के लिए जुटाती थीं राशन, अब बुनेंगी कपड़े
दंतेवाड़ा में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में तीन आत्मसमर्पित नक्सली हिस्सा ले रहे हैं। इनमें एक महिला भी शामिल हैं। बीजापुर जिले की रहने वाली गागरी ने बताया कि उन्होंने साल 2025 में नक्सली संगठन छोड़ दिया था। अब वह कपड़ा बनाना और बुनाई की मशीन चलाना सीख रही हैं।

गागरी के मुताबिक, प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वह अपने गांव लौटेंगी और वहां कपड़े बनाकर बेचेंगी, ताकि अपनी आजीविका चला सकें। यह उनके जीवन की नई शुरुआत होगी।

वहीं, दंतेवाड़ा की रहने वाली लिंगु कुडामी ने बताया कि उन्होंने 2021 में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। संगठन में रहते हुए वह दलम के लिए चावल, राशन, सब्जियां और दूसरी जरूरी चीजें जुटाने का काम करती थीं। नक्सलियों की आवाजाही के दौरान जरूरी व्यवस्थाएं संभालना भी उनकी जिम्मेदारी थी।

पांच जिलों में चल रही है योजना
ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश राणा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप बस्तर संभाग के पांच जिलों में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। फिलहाल दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव और सुकमा के अलग-अलग पुनर्वास केंद्रों में प्रशिक्षण चल रहा है।

सरकार का उद्देश्य है कि आत्मसमर्पण करने वाले लोगों को रोजगार का अवसर मिले और वे किसी पर निर्भर हुए बिना सम्मान के साथ अपना जीवन जी सकें। हथियार छोड़कर हुनर अपनाने की यह पहल बस्तर में शांति और पुनर्वास की दिशा में एक नई उम्मीद बन सकती है। 

और पढ़ें:  परिसीमन बिल पर राज ठाकरे ने जताई चिंता, बोले- उत्तर-दक्षिण के बीच टकराव होना तय