टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

फिरोजाबाद हादसा: पीड़ित परिवारों से मिले पूर्व मंत्री अशोक यादव, आर्थिक मदद दिलाने की उठाई मांग

Shivani Gupta · 29 अक्टूबर 2026
फिरोजाबाद हादसा

फिरोजाबाद: फिरोजाबाद के छटनपुर गांव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। हादसे में छह लोगों की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने के लिए नेताओं और जनप्रतिनिधियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के नेता अशोक यादव छटनपुर गांव पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों से पहल करने की अपील की।

Highlights:-

  • छटनपुर हादसे में छह लोगों की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल।
  • पूर्व मंत्री अशोक यादव ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर बंधाया ढांढस।
  • सांसद अक्षय यादव और विधायक सर्वेश यादव से आर्थिक मदद की पहल करने की अपील।
  • मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने के लिए शासन को पत्र भेजा गया।

मृतकों के परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

पूर्व मंत्री अशोक यादव सबसे पहले शिशुपाल सिंह के घर पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाली उनकी तीन बेटियों आकांक्षा, अंजलि और गुन्नू के परिजनों से मुलाकात की और दुख की इस घड़ी में परिवार को सांत्वना दी। इसके बाद वह बृजेश यादव के घर पहुंचे और उनकी बेटी दीपिका के परिजनों का दुख साझा किया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले हरीश कुमार के परिवार से भी मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

सांसद और विधायक निधि से मदद दिलाने की अपील

पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान अशोक यादव ने उनकी जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अपनों को खोने के दर्द की भरपाई किसी भी सहायता से नहीं की जा सकती, लेकिन संकट की इस घड़ी में परिवारों को आर्थिक सहारा देना जरूरी है।

उन्होंने फिरोजाबाद के सांसद अक्षय यादव से सांसद निधि और सिरसागंज के विधायक सर्वेश यादव से विधायक निधि के माध्यम से पीड़ित परिवारों को सहायता दिलाने की पहल करने की अपील की। उनका कहना था कि जनप्रतिनिधियों को आगे आकर पीड़ित परिवारों की मदद करनी चाहिए, ताकि इस कठिन समय में उन्हें कुछ राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद दिलाने की भी पहल

हादसे के पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रशासन की ओर से भी प्रयास किए जा रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, शिकोहाबाद के एसडीएम राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को पत्र भेजा था। इसके बाद मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने के संबंध में शासन को पत्र भेजा गया है।

छटनपुर गांव में छह लोगों की मौत के बाद अब पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है। एक ओर जनप्रतिनिधियों से मदद की अपील की जा रही है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन की पहल के बाद परिवारों की निगाहें शासन से मिलने वाली राहत पर टिकी हैं।

रिपोर्टर: आशीष पचौरी

यह भी पढ़ें: ‘ज्ञानू को जाना होगा!’ इंडिया गठबंधन को मिला कॉकरोच जनता पार्टी का साथ, अभिजीत दिपके ने किया बड़ा ऐलान