टीएनपी न्यूज़
होम / विदेश
विदेश

ग्रीस की राजधानी में दर्दनाक हादसा, प्लाका में धमाके के बाद 6 लोगों की मौत

Toshi Shah · 28 सितम्बर 2026
greece building collapse

ग्रीस की राजधानी एथेंस के ऐतिहासिक इलाके प्लाका में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। प्राचीन एक्रोपोलिस के नजदीक हुए विस्फोट के बाद एक इमारत का हिस्सा पूरी तरह ढह गया। हादसे में कम से कम छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में चार अमेरिकी नागरिक भी बताए जा रहे हैं।

रेस्क्यू और सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने मलबे से छह शव बरामद किए हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। हादसे में इमारत की ऊपरी मंजिल पर रहने वाला 77 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक और उसकी 78 वर्षीय ग्रीक पत्नी भी मारे गए।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

घटना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एथेंस के वाइस मेयर पेरिस चारलाफ्तिस ने बताया कि फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता विस्फोट के कारणों का पता लगाना है। अधिकारियों की कोशिश यह समझने की है कि आखिर किन परिस्थितियों में पूरी इमारत ढह गई।

मलबे में तलाश जारी

रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। बचाव दल मलबे को सावधानी से हटाने के लिए भारी मशीनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। संभावित रूप से किसी व्यक्ति के जीवित होने या शवों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए थर्मल कैमरों और जियोफोन की मदद ली जा रही है। इसके अलावा प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स को भी तलाशी अभियान में लगाया गया है।

ये भी पढ़ें- 18 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा; जानिए सभी राज्यों के मौसम का हाल

अमेरिका जाने से कुछ घंटे पहले हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में चार अमेरिकी नागरिक शामिल थे, जो इमारत की पहली मंजिल पर किराए के फ्लैट में रह रहे थे, बताया गया है कि इन चारों को हादसे के कुछ ही घंटे बाद अमेरिका के लिए रवाना होना था। हालांकि, उससे पहले ही इमारत में धमाका हुआ और उनकी जान चली गई। फिलहाल जांच एजेंसियां विस्फोट की असली वजह पता करने में जुटी हैं। अधिकारियों की ओर से हादसे के कारण को लेकर अभी कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।