'जब तक असमानता है, तब तक रहेगा आरक्षण...', तुकाराम मुंढे के बेबाक बयान ने छेड़ी नई बहस
Maharashtra News: आरक्षण को लेकर दिए गए एक बयान के बाद महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने अपनी बात स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज में असमानता बनी रहेगी, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए। आरक्षण की जरूरत पर कोई दो राय नहीं हो सकती। हालांकि, उन्होंने आरक्षण का लाभ बार-बार लेने को लेकर अपनी व्यक्तिगत राय भी रखी, जिस पर हो रही चर्चा के बीच लोगों से उनके बयान का गलत अर्थ नहीं निकालने की अपील की।
रविवार को पत्रकारों से बातचीत में तुकाराम मुंढे ने कहा कि इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट भी अपनी बात रख चुका है और लोकतंत्र में अलग-अलग विचार होना जरूरी है। उन्होंने कहा, 'मेरी व्यक्तिगत राय है कि एक बार आरक्षण का लाभ लेकर जब कोई व्यक्ति उस स्तर तक पहुंच जाता है, तो उसे दोबारा इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। यह मेरी निजी राय है। इस पर किसी को अलग महसूस करने या नाराज होने की जरूरत नहीं है।'
सिर्फ बराबरी का मौका देना काफी नहीं, काबिल बनाना भी जरूरी
आरक्षण के संवैधानिक उद्देश्य को समझाते हुए मुंढे ने कहा कि संविधान बनाने के पीछे मकसद हर व्यक्ति को समान अवसर देना था। लेकिन समान अवसर का मतलब केवल सभी को एक ही शुरुआती रेखा पर खड़ा कर देना नहीं है, बल्कि उन्हें उस अवसर का लाभ उठाने के काबिल बनाना भी है।
उन्होंने साफ कहा कि जब तक समाज में असमानता मौजूद है, तब तक आरक्षण की व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। उनके मुताबिक, इस मुद्दे पर उनके बयान को गलत तरीके से पेश नहीं किया जाना चाहिए।
प्रोटीन सप्लीमेंट खरीदने वाले युवाओं को दी चेतावनी
आरक्षण के मुद्दे के अलावा FDA कमिश्नर ने प्रोटीन और हेल्थ सप्लीमेंट का इस्तेमाल करने वाले छात्रों और युवाओं को भी सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बाजार में कई उत्पादों की ब्रांडिंग और मार्केटिंग के जरिए ऐसे दावे किए जा रहे हैं, जिनकी सच्चाई पर सवाल उठते हैं।
मुंढे ने कहा कि किसी भी उत्पाद को खरीदने से पहले यह देखना जरूरी है कि उसके बारे में किए जा रहे दावे सही हैं या नहीं। बिना लाइसेंस कोई भी व्यक्ति ऐसे उत्पादों की बिक्री नहीं कर सकता। साथ ही, कोई भी विक्रेता यह दावा नहीं कर सकता कि उसका उत्पाद किसी की सेहत में सुधार करेगा या मांसपेशियां बनाने की गारंटी देगा।
उन्होंने खासतौर पर उन युवाओं को सावधान किया, जो मसल्स बनाने और शरीर को फिट रखने के लिए प्रोटीन उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं। उनकी सलाह है कि युवा केवल विज्ञापनों और मार्केटिंग के भरोसे किसी उत्पाद का इस्तेमाल न करें, बल्कि उसकी विश्वसनीयता और जरूरी लाइसेंस की जानकारी जरूर जांचें।
मुंढे के बयान का दोहरा संदेश
तुकाराम मुंढे के बयान में एक तरफ आरक्षण को सामाजिक असमानता दूर होने तक जरूरी बताया गया, तो दूसरी तरफ इसके बार-बार इस्तेमाल को लेकर उनकी निजी राय सामने आई। वहीं, प्रोटीन सप्लीमेंट के नाम पर किए जा रहे दावों को लेकर उन्होंने युवाओं को जागरूक रहने का संदेश दिया।
और पढ़ें: Delhi Traffic Advisory: कल दिल्ली में कई रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देख लें पूरी लिस्ट