फतेहपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से मकान ढहा, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
Fatehpur Gas Cylinder Blast: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार शाम गैस सिलेंडर फटने से एक मकान में जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद मकान का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया।
यह हादसा सोमवार शाम करीब 5 बजे मलवां थाना क्षेत्र में ओवरब्रिज के नीचे हुआ। हादसे में घायल दो लोगों को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
धमाके के बाद मकान का मलबा सड़क और आसपास के हिस्से में फैल गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। इसके बाद दमकल और पुलिस की टीम ने मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश शुरू कर दी।रेस्क्यू टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय मकान के अंदर कितने लोग मौजूद थे। फिलहाल मलबे में दबे लोगों की संख्या और उनकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
धमाके की आवाज से दहला इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय अचानक जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही सेकंड में मकान का हिस्सा ढह गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को हटाकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी, ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
सिलेंडर फटने की वजह की जांच
मलवां थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम लगातार मलबा हटाने में जुटी है। अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सिलेंडर कैसे फटा और हादसे की असली वजह क्या थी।