टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

गाजियाबाद में पुलिस चौकी के अंदर धमाका, टूटे शीशे और दीवार में आई दरार; सुरक्षा पर उठे सवाल

Toshi Shah · 7 नवम्बर 2026
Vasundhara Police Chowki Blast

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक पुलिस चौकी के अंदर हुए जोरदार धमाके ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब पुलिस की चौकी जैसी जगह पर अचानक ब्लास्ट हो सकता है, तो आम आदमी की सुरक्षा कितनी पुख्ता है? यह सवाल अब लोगों के मन में उठना लाजिमी है।

मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी का है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे यहां अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि चौकी के दो शीशे टूट गए और दीवार में भी दरार आ गई। घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे। इसी दौरान वहां सामान पहुंचाने आया एक डिलीवरी बॉय भी धमाके की चपेट में आ गया। टूटे हुए शीशों के टुकड़े लगने से वह घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी हैरान रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी सैंपल और सबूत जुटाकर जांच के लिए भेज दिए हैं।

कैसे हुआ धमाका?

लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है कि आखिर पुलिस चौकी में धमाका हुआ कैसे? बता दें कि फिलहाल इसकी वजह सामने नहीं आई है। इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्या के मुताबिक, धमाके के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

आम जनता की सुरक्षा का क्या?

यह घटना सिर्फ एक धमाके तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े करती है। पुलिस चौकी वह जगह होती है जहां लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचते हैं और खुद को सुरक्षित महसूस करने की उम्मीद करते हैं। अगर ऐसी जगह पर भी अचानक धमाका हो जाए और वहां मौजूद लोग घायल हो जाएं, तो सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा होना जरूरी है।

ये भी पढ़ें- दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP समेत उत्तर भारत में मौसम रहेगा साफ

जांच पर सब की नजर

सबसे अहम बात यह है कि धमाके की वजह जल्द सामने आनी चाहिए, साथ ही यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि आखिर चौकी तक ऐसा क्या पहुंचा, जिससे इतना जोरदार धमाका हुआ। आम जनता को सुरक्षा का भरोसा देने वाली व्यवस्था के भीतर ही ऐसी घटना होना चिंता की बात है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।