भिलाई में EOW-ACB की बड़ी कार्रवाई, ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के ठिकानों पर अलसुबह छापा
दुर्ग: छत्तीसगढ़ में कथित कोयला और शराब घोटाले से जुड़े मामलों की जांच के बीच आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भिलाई में बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसियों की संयुक्त टीम ने भिलाई-3 के वसुंधरा नगर स्थित चर्चित ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के आवास पर दबिश दी। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
तीन गाड़ियों में पहुंची टीम, घर के बाहर सुरक्षा बढ़ाई
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे तीन गाड़ियों में सवार होकर दर्जनभर से अधिक अधिकारी जितेंद्र सिंह के आवास पर पहुंचे। टीम ने पूरे मकान को घेर लिया और अंदर दाखिल होकर जांच शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई।
जितेंद्र सिंह भिलाई के जाने-माने ट्रांसपोर्ट कारोबारी बताए जाते हैं। वे 'रवि रोड लाइंस' और 'साईं ऑयल कैरियर' नाम से अपनी फर्मों का संचालन करते हैं। जांच एजेंसियों की पड़ताल इन कारोबारी गतिविधियों और कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े पहलुओं पर केंद्रित बताई जा रही है।
कोयला और शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां प्रदेश के चर्चित कोयला और शराब घोटाले से जुड़े कथित परिवहन नेटवर्क और लेवी वसूली के आरोपों की कड़ियां खंगाल रही हैं। इसी सिलसिले में ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।
फिलहाल अधिकारियों की ओर से छापेमारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं, इसका खुलासा भी नहीं हुआ है। अब इस कार्रवाई के बाद जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।
रिपोर्ट: शिवेंद्र शिंदेयह भी पढ़ें: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जनशिकायतों की अनदेखी पर पांच चौकी प्रभारी निलंबित, तीन ACP समेत 32 पुलिसकर्मी जांच के घेरे में