टीएनपी न्यूज़
होम / विदेश
विदेश

Egypt Earthquake: मिस्र में 5.4 तीव्रता का भूकंप, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम एक्टिव, दहशत में लोग घरों से निकले

Rajeev Singh · 3 अगस्त 2026
AI Photo

Egypt Earthquake Today: मिस्र में सोमवार तड़के आए 5.4 तीव्रता के भूकंप ने लोगों को दहशत में डाल दिया। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के अनुसार भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर थी। भूकंप के झटके भारतीय समयानुसार सुबह करीब 3 बजे महसूस किए गए, जिससे काहिरा, गीजा और कई अन्य प्रांतों में लोग घरों से बाहर निकल आए।

मिस्र के अधिकारियों के मुताबिक भूकंप का केंद्र सूएज शहर से करीब 38 किलोमीटर दूर था, जबकि यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप केंद्र (EMSC) ने इसका केंद्र सूएज से लगभग 29 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में बताया है।

भूकंप के झटके सिर्फ मिस्र तक सीमित नहीं रहे। फिलिस्तीन, इजराइल, जॉर्डन, लेबनान और साइप्रस के कुछ हिस्सों में भी लोगों ने कंपन महसूस किया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मिस्र रेड क्रिसेंट ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल इमरजेंसी रेस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय कर दिया है। फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान या संपत्ति क्षति की सूचना नहीं मिली है।

अधिकारियों ने लोगों से पुरानी और जर्जर इमारतों से दूर रहने, अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। गौरतलब है कि मिस्र और पूर्वी भूमध्यसागर का क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। यहां समय-समय पर 5 से 6 तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं, हालांकि अधिकांश मामलों में बड़े पैमाने पर नुकसान नहीं होता। फिलहाल प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

और पढ़ें: सत्ता गई, देश छूटा... अब 2 साल बाद शेख हसीना का बड़ा संबोधन, क्या बदल जाएगी बांग्लादेश की राजनीति? 

Written by Shailesh Yadav