टीम इंडिया की फील्डिंग पर फूटा इस दिग्गज का गुस्सा, टीम मैनेजमेंट को लगाई फटकार
Dinesh Karthik on Indian Team Fielding: क्रिकेट में अकसर कहा जाता है कि मुकाबला जीतने के लिए कैच पकड़ने बेहद जरूरी होते हैं, लेकिन शायद भारतीय खिलाड़ी इस बात से सहमत नहीं हैं। इस समय भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में दूसरा टेस्ट खेला जा रहा है, जिसकी पहली पारी में भारतीय फील्डरों का लचर प्रदर्शन देखने को मिला और यही वजह रही कि मेजबान मुश्किल पिच पर 356 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब हुआ। अब इस प्रदर्शन पर टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने भारतीय खिलाड़ियों को फटकार लगाई है।
खराब कैचिंग को ठहराया जिम्मेदारी
भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने शनिवार को टीम इंडिया की खराब कैचिंग की आलोचना की। साथ ही उन्होंने कहा कि इसके साथ ही भारत की आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल की उम्मीद भी खत्म होती जा रही है। कार्तिक ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा,
“इंडिया की कैचिंग के साथ क्या हो रहा है? 12 टेस्ट खेलने वाले देशों में, इंडिया अभी 8वें नंबर पर है। हम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जाने का सपना देख रहे हैं। लेकिन अगर आप 8वें नंबर पर हैं, तो आपने बहुत सारे कैच छोड़े हैं, आपने बहुत सारे जरूरी पल गंवाए हैं और इसका मतलब है कि आपके उस फाइनल में पहुंचने के चांस लगभग नामुमकिन होने वाले हैं।”
View this post on InstagramA post shared by Dinesh Karthik (@dk00019)
भारत ने आसान कैच छोड़े- कार्तिक
दिनेश कार्तिक ने भारतीय फील्डरों को लताड़ते हुए कहा, “आम तौर पर, ज्यादातर टेस्ट टीमें इसलिए अच्छा करती हैं क्योंकि उनके क्लोज-इन कैचर (नजदीक खड़े फील्डर) अच्छे होते हैं। वे आधे मौकों को कैच में तब्दील कर देते हैं और जितने मौके मिलते हैं, उससे ज्यादा मौके बनाते हैं। अब इंडिया ने उल्टा कर दिया है। वे आसान मौके गंवा रहे हैं और इसका उन्हें नुकसान हो रहा है।” क्राइस्टचर्च की पहली पारी में भारत की सिर्फ कैचिंग बेकार थी, बल्कि कप्तान शुभमन गिल की फील्ड प्लेसमेंट पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ये भी पढ़ें- ‘मैं इसके लिए तैयार नहीं था…’ MI की कप्तानी संभालते ही रोहित का बड़ा खुलासा, कमान मिलने से पहले इनसे की बात
भारत का फॉलो-ऑन बचाना मुश्किल
पहली पारी में न्यूजीलैंड के 356 रन के जवाब में भारत ने 116 रन बना लिए हैं, लेकिन इस दौरान उनके छह विकेट गिर चुके हैं। टीम इंडिया अभी भी मेजबानों के स्कोर से 240 रन पीछे हैं, लेकिन चिंता की बात ये है कि ध्रुव जुरेल (7) के रूप में सिर्फ एक प्रमुख बल्लेबाज बाकी हैं।
वहीं, भारत को अगर फॉलो-ऑन बचाना है तो तीसरे दिन 40 रन बनाने होंगे, और इसमें अधिकांश जिम्मेदारी युवा बैटर ध्रुव जुरेल की होगी। अब देखना होगा कि जुरेल भारत को इस संकट की घड़ी से बाहर निकाल पाते हैं या फिर नहीं।
ये भी पढ़ें- ‘उन्हें लाइन-लेंथ की जानकारी देनी चाहिए…’ सिराज की अनदेखी से नाराज गावस्कर, टीम मैनेजमेंट के कामकाज पर उठाए सवाल