डिंडौरी: खाकी की आड़ में समझौते का सौदा? 29 लाख के मुआवजे में 5 लाख के कथित लेनदेन का आरोप, प्रधान आरक्षक पर उठे सवाल
मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में पुलिस विभाग के एक प्रधान आरक्षक पर मुआवजे की रकम में कथित तौर पर हिस्सा मांगने और परिवार को धमकाने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला राधवपुर बांध बहुउद्देशीय परियोजना से प्रभावित एक परिवार से जुड़ा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जमीन के मुआवजे के रूप में मिली 29 लाख रुपये की राशि में से 5 लाख रुपये निकलवा लिए गए। इतना ही नहीं, शेष रकम को लेकर लगातार फोन कर डराने और झूठे मामले में जेल भिजवाने की धमकी भी दी जा रही है। मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: कटनी में मजदूरों की जान से खिलवाड़! मार्बल खदानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, एक हफ्ते में दो मौतों से उठे सवाल
29 लाख रुपये मुआवजे में से 10 लाख की मांग का आरोप
शिकायतकर्ता चूरामन मरावी निवासी ग्राम मरवारी, ग्राम पंचायत कलगी टोला, चौकी विक्रमपुर, थाना शाहपुर के अनुसार, उनकी पत्नी मल्ली बाई के नाम पर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज जमीन राधवपुर बांध परियोजना के डूब क्षेत्र में आ गई थी। इसके एवज में उनकी पत्नी के बैंक खाते में करीब 29 लाख रुपये का मुआवजा जमा हुआ था।
चूरामन मरावी ने अपनी शिकायत में प्रधान आरक्षक सत्यनारायण पटेल पर मुआवजे की रकम में से 10 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 को यूनियन बैंक की सक्का शाखा में 5 लाख रुपये निकलवाकर ले लिए गए। परिवार का आरोप है कि इसके बाद शेष रकम को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: पोलियो के खिलाफ देश ने हासिल की बड़ी सफलता, लेकिन टीबी का बढ़ता खतरा बना चुनौती; भोपाल में 20-30% बढ़े मरीज, हर दिन 721 लोगों की मौत
फोन पर धमकाने और जेल भिजवाने का आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि प्रधान आरक्षक की ओर से लगातार फोन कर डराया-धमकाया जा रहा है। आरोप है कि शेष रकम नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी गई। परिवार ने इसे अपने साथ आर्थिक शोषण और दबाव बनाने का मामला बताते हुए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार
चूरामन मरावी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत प्रस्तुत कर पूरे मामले की जांच कराने, आरोपित प्रधान आरक्षक के खिलाफ उचित दंडात्मक कार्रवाई करने और कथित तौर पर ली गई 5 लाख रुपये की रकम वापस दिलाने की मांग की है।
अब इस मामले में पुलिस विभाग की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। वहीं, मामले में पुलिस अधीक्षक आशीष खरे का पक्ष भी सामने आना महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें: कटनी में मजदूरों की जान से खिलवाड़! मार्बल खदानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, एक हफ्ते में दो मौतों से उठे सवाल