पठानकोट में तीन दिन गूंजेगी हनुमंत कथा, कुंडा के बाद अब पंजाब पहुंचेेंगे बागेश्वर बाबा; केजरीवाल के शामिल होने की संभावना
Dhirendra Shastri Pathankot Event 2026: उत्तर प्रदेश के कुंडा में कथा और दिव्य दरबार के आयोजन के बाद अब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पंजाब के पठानकोट में धार्मिक कार्यक्रम करने जा रहे हैं। यहां 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
पठानकोट के लमीनी स्टेडियम ग्राउंड में होने वाले इस आयोजन में पहले दो दिन श्री हनुमंत कथा होगी, जबकि आखिरी दिन यानी 24 नवंबर को दिव्य दरबार लगाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और आम आदमी पार्टी के नेताओं की भूमिका भी सामने आई है।
22 और 23 नवंबर को हनुमंत कथा, 24 को दिव्य दरबार
बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 22, 23 और 24 नवंबर को पठानकोट में रहेंगे। आयोजन के तय कार्यक्रम के मुताबिक, 22 और 23 नवंबर को श्री हनुमंत कथा का पाठ होगा। इसके बाद 24 नवंबर को दिव्य दरबार लगाया जाएगा। कार्यक्रम के लिए लमीनी स्टेडियम ग्राउंड में तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन से जुड़े लोगों के मुताबिक, इसमें पंजाब के साथ दिल्ली की आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने की भी संभावना है।
केजरीवाल और भगवंत मान के आने की संभावना
इस कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 24 नवंबर को दिव्य दरबार में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, दोनों नेताओं की मौजूदगी को लेकर अभी अंतिम पुष्टि सामने नहीं आई है। आयोजन की तैयारियों की जिम्मेदारी सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार स्वर्ण सिंह सलारिया संभाल रहे हैं। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आने की बात कही है। सलारिया के मुताबिक, “दिल्ली और पंजाब की सारी लीडरशिप पहुंच रही है।” पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस आयोजन में पार्टी के शीर्ष नेताओं की संभावित मौजूदगी पर राजनीतिक नजरिया भी जुड़ गया है। हालांकि, कार्यक्रम के आयोजकों की ओर से इसे धार्मिक आयोजन के तौर पर तैयार किया जा रहा है।
लुधियाना दौरे के दौरान बयानों पर हुआ था विवाद
धीरेंद्र शास्त्री की पंजाब में पिछली यात्रा के दौरान भी उनके बयान चर्चा में रहे थे। सितंबर में लुधियाना के पांच दिवसीय दौरे के दौरान उनकी कुछ टिप्पणियों पर अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधियों और धार्मिक नेताओं ने आपत्ति जताई थी। पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने उनके कथित बयान पर विरोध दर्ज कराया था। विवाद के केंद्र में आया एक बयान था- ‘भैया को सैयां बना लेते हैं’। इसे लेकर धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही गई थी। विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा था कि उनकी टिप्पणी किसी खास धर्म के खिलाफ नहीं थी। उन्होंने अपने बयान को धर्मांतरण और सामाजिक बुराइयों से जुड़ा बताया था। इसके बाद शाही इमाम से लिखित माफी मांगने से संबंधित उनका वीडियो बयान भी सामने आया था।
यह भी पढ़ें: अरुणाचल प्रदेश के विकास कार्यों की अमित शाह ने की समीक्षा, सीमावर्ती इलाकों की चुनौतियों पर भी हुई चर्चा