Devuthani Ekadashi 2026: देवउठनी एकादशी की पूजा कैसे करें? जानें भोग से लेकर भगवान विष्णु को जगाने की विधि
आज 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी है। हिंदू धर्म में एकादशी का खास महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु 4 महीने की योग निद्रा से जागते हैं और इसी के साथ चातुर्मास का समापन हो जाता है। देवउठनी एकादशी को देवोत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा, व्रत, भजन-कीर्तन और उन्हें जगाने की विशेष परंपरा है। आइए जानते हैं पूजा की पूरी विधि, शुभ मुहूर्त, भोग और व्रत पारण का समय।
कब है देवउठनी एकादशी 2026?
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी। गृहस्थ श्रद्धालुओं के लिए 20 नवंबर को व्रत रखा जा रहा है। वैष्णव परंपरा में 21 नवंबर को भी एकादशी व्रत मनाया जाएगा।
देवउठनी एकादशी 2026 के शुभ मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:01 से 5:54 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:45 से दोपहर 12:28 बजे तक
विजय मुहूर्त: दोपहर 1:53 से 2:35 बजे तक
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:26 से 5:52 बजे तक
रवि योग: पूरे दिन
देवउठनी एकादशी की पूजा कैसे करें?
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा विशेष विधि-विधान से की जाती है।
सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ पीले वस्त्र धारण करें।
घर के पूजा स्थल की साफ-सफाई करें।
पूजा की चौकी पर पीला कपड़ा बिछाकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करें।
भगवान को गंगाजल और पंचामृत अर्पित करें।
पीले फूल, पीला चंदन, अक्षत और धूप-दीप अर्पित करें।
भगवान विष्णु को तुलसी दल चढ़ाएं। ध्यान रखें कि तुलसी के पत्ते एकादशी से पहले तोड़कर रख लें।
देवउठनी एकादशी की व्रत कथा सुनें और भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप करें।
अंत में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आरती करें।
गन्ने का मंडप सजाकर भगवान विष्णु को कैसे जगाएं?
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने की परंपरा बेहद खास मानी जाती है।
घर के आंगन या पूजा स्थल पर गन्ने का मंडप तैयार करें।
मंडप के बीच में रंगोली या चौक बनाएं।
भगवान विष्णु के चरण चिह्न बनाकर उन्हें कपड़े से ढक दें।
चौक के पास गन्ना, सिंघाड़ा, बेर और मौसमी फल रखें।
घी का दीपक जलाएं और शंख तथा घंटियां बजाएं।
भजन-कीर्तन करते हुए भगवान विष्णु से योग निद्रा त्यागकर जागने की प्रार्थना करें।
इस दौरान श्रद्धालु भगवान को जगाने के लिए यह मंत्र बोल सकते हैं:
उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते।
त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत्सुप्तं भवेदिदम्॥
अर्थ: हे गोविंद! हे जगत के स्वामी! अब निद्रा का त्याग करके जाग जाइए। आपके जागने से ही संसार में शुभ कार्यों का आरंभ होता है।
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को क्या भोग लगाएं?
भगवान विष्णु को पीले रंग की मिठाइयां और सात्विक पकवान अर्पित करना शुभ माना जाता है।
बेसन के लड्डू
केसर वाली खीर
पीले फल और केले
मौसमी फल
सिंघाड़ा और बेर
पंचामृत
गन्ना
पीली मिठाइयां
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु को भोग लगाते समय उसमें तुलसी दल जरूर शामिल करना चाहिए।
देवउठनी एकादशी व्रत में क्या खाएं और क्या न खाएं?
एकादशी व्रत में श्रद्धालु अपनी शारीरिक क्षमता और परंपरा के अनुसार निर्जल या फलाहार व्रत रख सकते हैं।
क्या खा सकते हैं?
फल और दूध, साबूदाना, सिंघाड़े के आटे से बनी चीजें, आलू और शकरकंद, मूंगफली
किन चीजों से बचें?
चावल और अनाज, दालें, प्याज और लहसुन, मांसाहार और तामसिक भोजन, देवउठनी एकादशी 2026 व्रत पारण का समय, स्मार्त परंपरा के अनुसार 20 नवंबर को व्रत रखने वाले श्रद्धालु 21 नवंबर 2026 को व्रत का पारण कर सकते हैं।
पारण का समय: दोपहर 1:11 बजे से 3:18 बजे तक।
हरि वासर समाप्ति: दोपहर 12:07 बजे।
वैष्णव परंपरा के अनुसार 21 नवंबर को व्रत रखने वालों का पारण 22 नवंबर को सुबह 6:49 से 8:56 बजे तक होगा। अपने स्थानीय पंचांग और पारिवारिक परंपरा के अनुसार समय की पुष्टि जरूर करें।
देवउठनी एकादशी का धार्मिक महत्व
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु आषाढ़ शुक्ल एकादशी को योग निद्रा में चले जाते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। भगवान विष्णु के जागने के साथ ही विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। देवउठनी एकादशी के अगले दिन कई स्थानों पर तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ व्रत एवं पूजा करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है और घर में सुख-समृद्धि आती है।
यह भी पढ़ें: अखिलेश से लेकर ओवैसी तक: CM योगी ने 2027 चुनाव से पहले 'मारीच' और ' मौलाना' पर साधा निशाना