राज्य
'माफिया को पनाह देने वाले अब राम का नाम जप रहे हैं', अखिलेश पर बरसे डिप्टी CM ब्रजेश पाठक
Ajit Kumar Singh · 10 नवम्बर 2026
Deputy CM Brajesh Pathak
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में अयोध्या को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या से जुड़े बयान पर यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पलटवार किया है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले माफिया को संरक्षण देते थे, वे अब भगवान राम का नाम जप रहे हैं। ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव की अयोध्या को लेकर की गई राजनीतिक पहल पर सवाल उठाए। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर राम मंदिर, अयोध्या और राजनीतिक दलों के रुख को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सपा गुंडों और माफियाओं को बढ़ावा देने वाली पार्टी
इस संदर्भ में UP के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को कहा कि समाजवादी पार्टी के सपने कभी पूरे नहीं होने वाले हैं। उन्होंने पार्टी पर अपने शासन के दौरान अपराधियों को बढ़ावा देने और अब राजनीतिक लाभ के लिए अयोध्या का हवाला देने का आरोप लगाया। पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार ने सुनिश्चित किया कि माफिया के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही SP को एक ऐसी पार्टी बताया, जिसने गुंडों और माफियाओं को बढ़ावा दिया और राज्य को दंगों की आग में धकेल दिया।
ब्रजेश पाठक ने SP प्रमुख अखिलेश यादव पर साधा निशाना
सपा पर निशाना साधते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सपने कभी पूरे नहीं होने वाले हैं। जिन्होंने उत्तर प्रदेश को 'एक जिला, एक माफिया' दिया, जिन्होंने सपा शासन के दौरान गुंडों और माफियाओं को आश्रय दिया, जो महिलाओं पर बुरी नजर रखते थे, आज वे 'राम राम' जप रहे हैं। हमारी सरकार ने सुनिश्चित किया है कि उत्तर प्रदेश में माफिया के खिलाफ कार्रवाई हो। समाजवादी पार्टी ने कम से कम अयोध्या धाम का नाम लेना शुरू कर दिया है।
जो कभी अयोध्या धाम और भगवान राम के नाम को करते थे नापसंद
ये वही लोग हैं जो कभी अयोध्या धाम और भगवान राम के नाम को नापसंद करते थे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की यह टिप्पणी सपा प्रमुख अखिलेश यादव के उस वादे के बाद आई है, जिसमें उन्होंने दिसंबर में अपनी प्रस्तावित अयोध्या यात्रा से पहले अपनी पार्टी के सत्ता में लौटने पर अयोध्या को "सनातन तीर्थयात्रा के लिए वैश्विक राजधानी" बनाने का वादा किया था।
ये भी पढ़ें-BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का बिहार दौरा आज से, संगठनात्मक एवं राजनीतिक मुद्दों पर होगी अहम बैठक