दुर्गा पूजा समारोह को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, इन सड़कों पर लगेगी पाबंदियां
नई दिल्ली: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के चित्तरंजन पार्क (CR पार्क), ग्रेटर कैलाश-II (GK-II) II और आसपास के इलाकों में दुर्गा पूजा समारोहों के मद्देनजर एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत 16 से 20 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।
दुर्गा पूजा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आगंतुकों के पूजा पंडालों में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। जिसके कारण आसपास की सड़कों पर जाम लग सकता है। चूंकि ये पंडाल रिहायशी इलाकों में हैं, जहां सड़कें संकरी हैं और आगंतुकों के लिए पार्किंग की कोई तय जगह नहीं है, इसलिए शाम के समय यहां भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम होने की संभावना है। पाबंदी के समय के दौरान, आगंतुकों और श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को CR पार्क और ग्रेटर कैलाश-II में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
दिल्ली के इन सड़कों पर लगेंगी पाबंदियां
दिल्र्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई ऐसी सड़कों और रास्तों की पहचान की है, जिन पर असर पड़ सकता है। इनमें वसंत विहार और मोदी मिल फ्लाईओवर के बीच आउटर रिंग रोड; CR पार्क के पास लाला लाजपत राय मार्ग; रिंग रोड और आउटर रिंग रोड के बीच अगस्त क्रांति मार्ग; और खानपुर तथा जामिया हमदर्द के बीच महरौली-बदरपुर रोड शामिल हैं।
ट्रैफिक एडवाइजरी में ये रास्ते भी शामिल
अन्य प्रभावित रास्तों में कालकाजी के DDA फ्लैट्स और जामिया हमदर्द के बीच गुरु रविदास मार्ग; खानपुर और चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के बीच लाल बहादुर शास्त्री मार्ग; चिराग दिल्ली फ्लाईओवर और मूलचंद फ्लाईओवर के बीच जोसिप ब्रोज़ टीटो मार्ग; और CR पार्क तथा ग्रेटर कैलाश-II के आसपास की आंतरिक सड़कें शामिल हैं।
ये भी पढ़ें-दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान में रैली के लिए कांग्रेस को दी मंजूरी, जारी किया NOC