टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

EC के खिलाफ विपक्ष का बड़ा प्रदर्शन, राहुल गांधी बोले- ‘ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा’

Shivashakti Narayan Singh · 7 अक्टूबर 2026
EC के खिलाफ विपक्ष का बड़ा प्रदर्शन

Rahul Gandhi Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और वोटर लिस्ट के Special Intensive Revision (SIR) को लेकर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन बुधवार को और तेज हो गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी सांसदों को लेकर बसें जंतर-मंतर की ओर रवाना हुईं।

विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया में कई तरह की अनियमितताएं हुई हैं। वहीं, विपक्ष की ओर से CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी लगातार उठाई जा रही है।

नहीं मिली परमीशन 

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि दिल्ली पुलिस की ओर से राजधानी में दूसरी जगह प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद विपक्षी सांसदों की बसें जंतर-मंतर के लिए रवाना हुईं।जंतर-मंतर दिल्ली में निर्धारित प्रदर्शन स्थल है। विपक्ष ने इसी जगह पर अपना विरोध दर्ज कराने का फैसला किया। बुधवार को पहले विपक्षी सांसदों ने मध्य दिल्ली में लंच बैठक की, जिसके बाद प्रदर्शन का कार्यक्रम सामने आया।

राहुल गांधी बोले- ‘ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा’

जंतर-मंतर जाने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि पहले जिस जगह प्रदर्शन की योजना थी, वहां पुलिस की अनुमति नहीं मिली, इसलिए अब विपक्ष जंतर-मंतर जाएगा।राहुल गांधी ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि वह अपने ऊपर और FIR चाहते हैं और उनके मुताबिक हर FIR उनके लिए एक ‘मेडल’ जैसी है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दल एकजुट होकर इस मुद्दे पर आगे लड़ाई जारी रखेंगे।TMC सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने भी विपक्षी एकजुटता की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी नेता एक साथ हैं और बिना किसी व्यक्तिगत अहंकार के इस मुद्दे पर आगे बढ़ेंगे।

एक दिन पहले भी हुआ था बड़ा प्रदर्शन

इससे एक दिन पहले यानी मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग की और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। विपक्षी दल चुनाव आयोग से SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की मांग कर रहे हैं। मंगलवार के घटनाक्रम के बाद बुधवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी रखने का फैसला लिया गया।

AAP भी दिल्ली CEO ऑफिस के बाहर प्रदर्शन में उतरी

वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी बुधवार को दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन का कार्यक्रम बनाया। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने बताया था कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस, वाम दलों और अन्य विपक्षी दलों के साथ प्रदर्शन में शामिल होंगे। कश्मीरी गेट स्थित दिल्ली CEO कार्यालय की ओर जाने वाले रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग की। AAP कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची से जुड़े कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया।

चुनाव आयोग को जबाव देना चाहिए 

विपक्ष का कहना है कि SIR और मतदाता सूची में कथित बदलावों को लेकर चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए। दूसरी ओर, चुनाव आयोग और सरकार इन आरोपों को स्वीकार नहीं करते हैं। ऐसे में मामला फिलहाल राजनीतिक विरोध और आरोप-प्रत्यारोप के बीच बना हुआ है।