टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

मौसम ने अचानक बदली करवट! दिल्ली-नोएडा में झमाझम बारिश, कई इलाकों में जलभराव;जानिए अगले 24 घंटे का मौसम अपडेट

Shivashakti Narayan Singh · 24 अगस्त 2026
दिल्ली-नोएडा में झमाझम बारिश

Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-NCR में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से उमस भरे मौसम के बाद करीब 11 बजे के बाद आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। तेज बादलों की वजह से दिन में ही अंधेरा छा गया और लोगों को रात जैसा नजारा देखने को मिला।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 अगस्त को दिनभर रुक-रुककर तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

दिल्ली और नोएडा में तेज बारिश, कई इलाकों में जलभराव

दिल्ली और नोएडा के कई हिस्सों में सुबह से ही मौसम बदला हुआ नजर आया। तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।नोएडा में बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं दिल्ली के कई इलाकों में भी बारिश के कारण ट्रैफिक धीमा हो गया और कुछ जगहों पर जाम की स्थिति देखने को मिली।बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।
इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली के कई क्षेत्रों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।इनमें शामिल हैं:

  • सेंट्रल दिल्ली
  • ईस्ट दिल्ली
  • नई दिल्ली
  • नॉर्थ दिल्ली
  • शाहदरा
  • साउथ दिल्ली
  • साउथ ईस्ट दिल्ली
  • वेस्ट दिल्ली

इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी दिनभर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में बारिश की वजह क्या है?

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक दिल्ली-NCR में बारिश के पीछे कई मौसमी सिस्टम एक्टिव हैं। मानसून ट्रफ की स्थिति मजबूत होने, उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं के कारण राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश का दौर बना हुआ है।इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले 24 घंटे तक बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

IMD के अनुसार आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है। तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है।हालांकि कुछ इलाकों में बारिश के बाद उमस भी महसूस हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।