टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

Delhi-NCR में प्रदूषण का कहर, AQI 324 पहुंचते ही GRAP-2 लागू, गाजियाबाद समेत इन शहरों में सख्ती

Shailesh Yadav · 2 नवम्बर 2026
Delhi-NCR में प्रदूषण का कहर

Delhi-NCR Pollution News: दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) सोमवार को 324 दर्ज किया गया, जिसके बाद हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गई। प्रदूषण के तेजी से बिगड़ते हालात को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में तत्काल प्रभाव से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का दूसरा चरण लागू कर दिया है। अब GRAP-1 के साथ GRAP-2 की पाबंदियां भी लागू रहेंगी।

72 घंटे में तेजी से बिगड़ी दिल्ली की हवा
CAQM की उप-समिति की समीक्षा बैठक में सामने आया कि पिछले 72 घंटों में दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को दिल्ली का AQI 117 था, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। रविवार को यह बढ़कर 261 पहुंच गया और हवा 'खराब' श्रेणी में आ गई। वहीं, सोमवार को AQI 324 दर्ज किया गया, जिसके बाद स्थिति 'बहुत खराब' हो गई। मौसम संबंधी प्रतिकूल परिस्थितियों को भी प्रदूषण बढ़ने की एक बड़ी वजह माना गया है। हालात को देखते हुए आयोग ने NCR के सभी संबंधित विभागों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

दिल्ली से गाजियाबाद तक इन शहरों में बढ़ेगी सख्ती
GRAP-2 लागू होने के बाद दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के NCR क्षेत्रों में नगर निगमों, ट्रैफिक पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में सरकारी कार्यालयों और नगर निकायों के कामकाज के समय में बदलाव यानी अलग-अलग शिफ्ट में काम कराने की व्यवस्था लागू की जा रही है।

सड़कों पर होगी पानी की छिड़काव और सफाई
प्रदूषण और धूल को नियंत्रित करने के लिए भारी यातायात वाले रास्तों और जाम वाले इलाकों में रोजाना मैकेनिकल या वैक्यूम स्वीपिंग की जाएगी। इसके साथ ही धूल कम करने वाले पदार्थों को मिलाकर पानी का छिड़काव किया जाएगा। इन गतिविधियों को ट्रैफिक के पीक आवर्स से पहले प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा प्रदूषण के हॉटस्पॉट और निर्माण एवं विध्वंस (C&D) स्थलों पर विशेष निरीक्षण और सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निजी गाड़ियों के इस्तेमाल पर लगेगी लगाम
CAQM ने निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए शहरी स्थानीय निकायों को पार्किंग शुल्क बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य लोगों को निजी गाड़ियों के बजाय सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके अलावा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को निर्देश दिया गया है कि वे सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मचारियों और बागवानी कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक हीटर उपलब्ध कराएं। इससे ठंड के मौसम में लकड़ी, बायोमास और नगरपालिका के ठोस कचरे को खुले में जलाने की घटनाओं को रोका जा सकेगा।

CAQM की लोगों से खास अपील
प्रदूषण पर काबू पाने के लिए CAQM ने NCR के नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। आयोग ने लोगों को सलाह दी है कि वे निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करें और सार्वजनिक परिवहन या कारपूलिंग को प्राथमिकता दें। इसके साथ ही धूल फैलाने वाली निर्माण गतिविधियों से बचने और खुले में कचरा नहीं जलाने की अपील की गई है। जिन लोगों का काम घर से हो सकता है, उन्हें वर्क फ्रॉम होम अपनाने की सलाह दी गई है। दिल्ली-NCR में GRAP-2 लागू होने के बाद अब प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रशासनिक सख्ती बढ़ेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता पर सभी की नजर रहेगी। 

और पढ़ें: ' 2027 में फिर हराएंगे...', राहुल-अखिलेश पर गरजे नितिन नबीन, कहा-कांग्रेस का नाम लेने वाला नहीं बचेगा