टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

दिल्ली-NCR वालों को महंगाई का बड़ा झटका, CNG के दाम फिर बढ़े; जानें नई कीमत

Shivashakti Narayan Singh · 29 अगस्त 2026
दिल्ली में फिर बढ़े CNG के दाम

CNG Price Hike Delhi: दिल्ली-NCR में वाहन चालकों को महंगाई का एक और झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 29 अगस्त 2026 की सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।

CNG के दाम में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में अब CNG 86.98 रुपये प्रति किलो मिलेगी। इससे पहले दिल्ली में CNG का रेट 83.09 रुपये प्रति किलो था।CNG महंगी होने का सीधा असर ऑटो, कैब और CNG से चलने वाली निजी कारों पर पड़ेगा। रोजाना CNG का इस्तेमाल करने वाले लोगों का यात्रा खर्च बढ़ सकता है।

नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी बढ़े दाम

दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी CNG की नई कीमतें लागू कर दी गई हैं। NCR के ऑटो और कैब चालकों के लिए ईंधन खर्च बढ़ने से उनकी रोजाना की लागत पर असर पड़ने की संभावना है।वाहन चालकों का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों से कमाई और खर्च के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो रहा है।

इस साल पहले भी बढ़ चुके हैं CNG के रेट

दिल्ली-NCR में CNG की कीमतों में इस साल पहले भी इजाफा हो चुका है। मई महीने में भी 11 दिनों के भीतर दो बार CNG के दाम बढ़ाए गए थे।26 मई को CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद दिल्ली में CNG का रेट 81.09 रुपये से बढ़कर 83.09 रुपये प्रति किलो हो गया था।
अब अगस्त में एक बार फिर कीमत बढ़ने से वाहन चालकों के मासिक बजट पर असर पड़ सकता है।

IGL ने बताई कीमत बढ़ाने की वजह

IGL के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG यानी Liquefied Natural Gas की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण CNG की लागत बढ़ी है। कंपनी ने कहा कि बढ़ी हुई इनपुट गैस लागत को संतुलित करने के लिए कीमतों में बदलाव जरूरी था।कंपनी का कहना है कि कीमत बढ़ने के बावजूद CNG अभी भी अन्य ईंधनों के मुकाबले एक किफायती विकल्प बनी हुई है। IGL ने यह भी कहा कि वह ग्राहकों को लगातार और भरोसेमंद गैस सप्लाई उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठा रही है।