दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में चाकूबाजी, 5 पुलिसकर्मी घायल; भागते आरोपी ने फिर किया हमला
Delhi Jama Masjid Police Station Knife Attack: दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हमले के बाद आरोपी थाने से भाग निकला और रास्ते में एक दोपहिया वाहन लेकर फरार होने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की ऑपरेशन यूनिट ने उसे चितली कब्र इलाके में पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है। उसे अपनी मां और बहन को परेशान करने से जुड़ी शिकायत के बाद पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।
मां और बहन की शिकायत पर थाने बुलाया गया था
मामले की शुरुआत परिवार से जुड़ी शिकायत से हुई थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि नबील अपनी मां और बहन को परेशान कर रहा है। इसी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे जामा मस्जिद थाने में पूछताछ के लिए बुलाया था। थाने में पूछताछ चल ही रही थी कि उसने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान पांच पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई।
बाइक लेकर भागा आरोपी, चितली कब्र इलाके में पकड़ा गया
हमले के बाद आरोपी पुलिस स्टेशन से बाहर निकलकर फरार हो गया। भागने के लिए उसने एक दोपहिया वाहन भी छीन लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट की टीम ने आरोपी को चितली कब्र इलाके में खोज निकाला। पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो उसने दोबारा पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम को गोली चलानी पड़ी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।
तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर
हमले में घायल पांचों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती तौर पर उन्हें संजीवनी अस्पताल ले जाया गया था। बाद में बेहतर इलाज के लिए तीन पुलिसकर्मियों को सर गंगा राम अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बाकी दो पुलिसकर्मियों का इलाज संजीवनी अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने थाने में चाकू कैसे पहुंचाया और उसके खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं।
यह भी पढ़ें: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर यूनियन बैंक के ATM में लगी आग, मौके पर पहुंचीं दमकल की 3 गाड़ियां