टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

जमानत सुनवाई में पुलिस की लापरवाही पर दिल्ली हाईकोर्ट नाराज, कहा- इससे प्रभावित होती है व्यक्तिगत आजादी

Shivashakti Narayan Singh · 23 नवम्बर 2026
जमानत सुनवाई में पुलिस की लापरवाही पर दिल्ली हाईकोर्ट नाराज

Delhi High Court: दिल्ली हाईकोर्ट ने जमानत याचिकाओं की सुनवाई के दौरान जांच अधिकारियों के अदालत में पेश नहीं होने और सरकारी वकीलों को मामले की जानकारी न देने पर कड़ी नाराजगी जताई है। अदालत का कहना है कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद पुलिस के कामकाज में सुधार नहीं हुआ है। इस तरह की लापरवाही से ऐसा संदेश जाता है कि पुलिस खुद ही जमानत का विरोध नहीं करना चाहती।

जस्टिस गिरिश कठपालिया ने टिप्पणी की कि अगर पुलिस जमानत का विरोध नहीं करना चाहती तो फिर आरोपियों को गिरफ्तार क्यों किया जाता है? हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल पुलिस अधिकारियों के अदालत में नहीं पहुंचने के कारण किसी आरोपी को जमानत देना उचित नहीं होगा।

हाईकोर्ट ने इस मामले को व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर विषय मानते हुए दिल्ली पुलिस आयुक्त को आदेश की प्रति भेजने का निर्देश दिया है। अदालत ने उम्मीद जताई कि पुलिस विभाग इस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाएगा।

जांच अधिकारी छुट्टी पर, SHO भी अदालत में नहीं पहुंचे

हाईकोर्ट की ये टिप्पणियां साहिल मलिक की नियमित जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान आईं। यह मामला दिल्ली के केएन काटजू मार्ग थाने में दर्ज सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी से जुड़ा है। सुनवाई के दौरान अतिरिक्त लोक अभियोजक ने अदालत को बताया कि जांच अधिकारी एसआई सौरभ मलिक छुट्टी पर हैं, इसलिए वह मामले में अदालत की सहायता करने की स्थिति में नहीं हैं। अदालत ने सवाल उठाया कि जब जांच अधिकारी छुट्टी पर थे तो थाने के एसएचओ अदालत में क्यों नहीं पहुंचे? मामले में एक और बात सामने आई। शिकायतकर्ता ने अदालत को बताया कि इस केस के मौजूदा जांच अधिकारी सौरभ मलिक नहीं, बल्कि संदीप चौहान हैं। इसके बावजूद संदीप चौहान भी सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद नहीं थे। उनकी गैरमौजूदगी की कोई वजह भी नहीं बताई गई।

अदालत ने कहा कि मामले से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब केवल जांच अधिकारी ही दे सकते थे। ऐसे में उनकी अनुपस्थिति से सुनवाई प्रभावित हुई।

पहले ही दिन निपट सकती थीं जमानत याचिकाएं

हाईकोर्ट ने कहा कि पहले जांच अधिकारी सुनवाई से एक दिन पहले या कम से कम अदालत की कार्यवाही शुरू होने से पहले सरकारी वकील को केस की पूरी जानकारी दे देते थे। जरूरत पड़ने पर जांच अधिकारी केस की फाइल के साथ अदालत में भी मौजूद रहते थे। लेकिन अब कई मामलों में जांच अधिकारी न तो अभियोजन पक्ष को ठीक से जानकारी दे रहे हैं और न ही सुनवाई के दौरान अदालत में पहुंच रहे हैं।अदालत ने यह भी याद दिलाया कि पहले कई बार निर्देश दिए जा चुके हैं कि यदि जांच अधिकारी छुट्टी पर हों तो संबंधित थाने के एसएचओ को पूरे मामले की जानकारी लेकर अदालत में उपस्थित होना चाहिए। इसके बावजूद व्यवस्था में बदलाव नहीं दिख रहा। जस्टिस कठपालिया ने कहा कि जिन मामलों में जांच अधिकारी पूरी फाइल के साथ अदालत पहुंचते हैं और सरकारी वकील को पहले से जानकारी देते हैं, वहां जमानत याचिकाओं का निपटारा पहले ही दिन हो जाता है। मौजूदा मामले में भी जांच अधिकारी की मौजूदगी होती तो सुनवाई टालने की जरूरत नहीं पड़ती।

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप

जिस मामले में साहिल मलिक ने जमानत मांगी है, उसमें अभियोजन पक्ष ने बड़े सरकारी नौकरी घोटाले का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसके माता-पिता ने कथित तौर पर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे बड़ी रकम ली थी। जांच के दौरान कई विभागों से जुड़े कथित फर्जी नियुक्ति पत्र, मुहर और दूसरे दस्तावेज बरामद होने का दावा किया गया है। इनमें आंगनवाड़ी, भारतीय खाद्य निगम (FCI), दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), नगर निगम (MCD), शिक्षा विभाग और दिल्ली जेल वार्डर विभाग से जुड़े दस्तावेज शामिल बताए गए हैं। अभियोजन पक्ष के अनुसार, जांच में इन सरकारी विभागों के नाम से मिलती-जुलती फर्जी ईमेल आईडी भी मिली हैं। हालांकि, ये सभी आरोप हैं और मामले में न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

14 दिसंबर को अगली सुनवाई

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को अगली सुनवाई से कम से कम एक सप्ताह पहले स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने की अनुमति दी है। अदालत ने अपने आदेश की प्रति दिल्ली पुलिस आयुक्त को भेजने का भी निर्देश दिया है, ताकि जमानत से जुड़े मामलों में जांच अधिकारियों और अभियोजन पक्ष के बीच बेहतर तालमेल बनाया जा सके। इस मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी।