दिल्ली के हर्ष विहार में भरभराकर गिरी इमारत, मलबे में दबे मजदूर; NDRF तैनात
Delhi Building Collapse: राजधानी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रविवार शाम एक पुरानी इमारत गिरने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF, स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और सिविल डिफेंस की टीमें तैनात हैं। मकान मालिक ने मलबे में दो मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई है, हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
शाम करीब 6:45 बजे मिली इमारत गिरने की सूचना
दिल्ली फायर सर्विसेज को शाम करीब 6:45 बजे हर्ष विहार में इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल विभाग की पांच गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। पुलिस और अन्य बचाव दल भी मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया।
पुरानी इमारत पर बनाया जा रहा था दूसरा तल
ADCP संदीप लांबा ने बताया कि शाम करीब सात बजे पुलिस को इमारत गिरने की जानकारी मिली। उनके अनुसार, यह एक पुरानी, एक मंजिला इमारत थी, जिसके ऊपर दूसरे तल का निर्माण किया जा रहा था।
अधिकारियों के मुताबिक, इमारत लंबे समय से खाली थी और वहां कोई नहीं रह रहा था। घटना के समय मजदूरों के काम से जा चुके होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मकान मालिक ने दो मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई है।
दिल्ली के हर्ष विहार में निर्माणाधीन मकान ढहा, मौके पर दमकल, NDRF और पुलिस की टीमें मौजूद। हादसे के कारणों और संभावित नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। #DelhiNews #HarshVihar #BreakingNews #NDRF #DelhiPolice #TNPNews https://t.co/SVSOtQKgv2
— TNP NEWS (@TNPNEWS1) October 25, 2026
NDRF समेत कई टीमें बचाव अभियान में जुटीं
घटनास्थल पर NDRF, स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और सिविल डिफेंस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हैं। ADCP संदीप लांबा ने बताया कि स्थानीय लोगों ने भी मलबा हटाने में मदद की है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की संभावना है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और मलबे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
और पढ़ें: Mallikarjun Kharge: 'RSS की विचारधारा रहेगी, तो देश में शांति कैसे होगी?' पटना में खरगे के तीखे बयान से गरमाई सियासत