टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

दिल्ली में GRAP नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्ती, बॉर्डर पर बढ़ेगी निगरानी; पुराने वाहन और बसों की होगी जांच

Shailesh Yadav · 13 नवम्बर 2026
दिल्ली में GRAP नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्ती

Delhi Grap Rules: दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को नॉर्दर्न रेंज ट्रैफिक कार्यालय में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की अंतरराज्यीय समन्वय बैठक हुई। इसमें पड़ोसी राज्यों से दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन जांच और प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को रोकने की रणनीति तैयार की गई।

बैठक की अध्यक्षता नॉर्दर्न रेंज के डीसीपी ट्रैफिक सचिन कुमार सिंघल (IPS) ने की। इसमें झज्जर, सोनीपत, बहादुरगढ़ और दिल्ली के नरेला सहित आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ ट्रैफिक पुलिस अधिकारी शामिल हुए। इससे पहले 28 अक्टूबर को भी इस संबंध में समन्वय बैठक आयोजित की गई थी।

बॉर्डर पर बढ़ेगी पुलिस की तैनाती, वैकल्पिक रास्तों पर भी नजर
बैठक में CAQM के दिशा-निर्देशों और GRAP के तहत लागू प्रतिबंधों की जानकारी अधिकारियों को दी गई। दिल्ली के बॉर्डर चेकपॉइंट्स के साथ वैकल्पिक रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन दिल्ली में प्रवेश न कर सकें।

डायवर्जन पॉइंट्स पर डिजिटल डिस्प्ले स्क्रीन लगाने का प्रस्ताव रखा गया। इनके माध्यम से वाहन चालकों को GRAP प्रतिबंधों और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा बॉर्डर पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने, जन जागरूकता अभियान तेज करने और वाहनों के वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की जांच सख्ती से करने के निर्देश दिए गए।

10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों पर भी कार्रवाई
बैठक में सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के निर्देशों के अनुसार 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों पर लागू प्रतिबंधों का सख्ती से पालन कराने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ऐसे वाहनों की जांच सुनिश्चित की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो।

दिल्ली में नहीं घुस सकेंगी नियम तोड़ने वाली बसें
अंतरराज्यीय बसों की निगरानी को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि GRAP के लागू नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों को दिल्ली में प्रवेश न करने दिया जाए। जहां संभव हो, ऐसी बसों को उनके शुरुआती स्थानों पर ही रोकने की व्यवस्था की जाए।

इसके लिए ट्रांसपोर्टरों और बस ऑपरेटरों के साथ जागरूकता बैठकें आयोजित करने तथा ड्राइवरों को GRAP प्रतिबंधों की जानकारी देने पर भी सहमति बनी। बॉर्डर पॉइंट्स पर पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम लगाने पर भी चर्चा हुई, ताकि वाहन चालकों और यात्रियों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाई जा सकें।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को पड़ोसी राज्यों के अपने समकक्ष अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि CAQM के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और प्रतिबंधित वाहनों को दिल्ली में प्रवेश से रोकने के लिए निगरानी और प्रवर्तन अभियान तेज किया जाएगा। 

और पढ़ें:  राज ठाकरे ने छठ पूजा गाना बजाने का किया विरोध, BJP पर आरोप लगा, बोले- मराठी लोगों को सतर्क रहना चाहिए!