टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

महिलाओं और ट्रांसजेंडर को मिलेगा रोजगार, दिल्ली में शुरू होगी ‘दुर्गा’ ई-ऑटो योजना

Shivashakti Narayan Singh · 24 सितम्बर 2026
दिल्ली में शुरू होगी ‘दुर्गा’ ई-ऑटो योजना

Delhi DURGA Scheme: दिल्ली सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ‘दुर्गा’ (DURGA) ग्रीन ई-ऑटो योजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया।

योजना के पहले चरण में 1,300 पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो आवंटित किए जाएंगे। इनमें 1,170 महिलाओं और 130 ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए होंगे। सरकार के मुताबिक, योजना का उद्देश्य रोजगार के साथ-साथ सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर लास्ट-माइल परिवहन को बढ़ावा देना है।

लाभार्थी खुद चला सकेंगे अपना ई-ऑटो

योजना के तहत चुने गए लाभार्थियों को ई-ऑटो का मालिक और चालक बनने का अवसर मिलेगा। हर राजस्व जिले में अधिकतम 90 ई-ऑटो महिलाओं और 10 ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए रखे गए हैं।आवेदन के लिए सरकार की ओर से अलग ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाएगा। महिलाओं और ट्रांसजेंडर आवेदकों की उम्र 20 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उनके पास दिल्ली का निवास प्रमाण, वोटर आईडी, LMV ड्राइविंग लाइसेंस और PSV बैज होना जरूरी होगा। ट्रांसजेंडर आवेदकों को दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से जारी वैध ट्रांसजेंडर प्रमाणपत्र भी देना होगा।

किन लोगों को नहीं मिलेगा लाभ?

महिला आवेदकों के लिए भी कुछ शर्तें रखी गई हैं। तीन से अधिक बच्चों वाली महिला इस योजना के लिए पात्र नहीं होगी।इसके अलावा आवेदक या उसके परिवार के नाम पहले से कोई रजिस्टर्ड ट्रांसपोर्ट वाहन या थ्री-व्हीलर नहीं होना चाहिए। वित्त वर्ष 2025-26 में परिवार की सालाना आय 5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

3 साल तक नहीं बेच सकेंगे ई-ऑटो

योजना के तहत मिलने वाले ई-ऑटो पर तीन साल का लॉक-इन पीरियड होगा। इस अवधि में लाभार्थी वाहन को बेच, ट्रांसफर या किसी दूसरे तरीके से अपने कब्जे से बाहर नहीं कर सकेगा।सरकार के मुताबिक, इन ई-ऑटो को दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ने की भी तैयारी है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 70 मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग में इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जगह उपलब्ध कराने की बात कही है।

योजना से रोजगार के साथ परिवहन को भी बढ़ावा

सरकार का कहना है कि ‘दुर्गा’ योजना से महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय की सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में भागीदारी बढ़ेगी। 1,300 ई-ऑटो के संचालन से ड्राइविंग के अलावा सर्विसिंग, रिपेयर, चार्जिंग और बैटरी से जुड़े क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर बन सकते हैं।योजना का नाम DURGA यानी Driving Upliftment and Rozgar for Women/Transgender Green e-Auto है। इस योजना को रोजगार, महिला सशक्तीकरण, ट्रांसजेंडर समावेशन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से जोड़कर देखा जा रहा है।