टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज, दिल्ली में AISA समेत कई संगठनों का मार्च

Shivashakti Narayan Singh · 5 अक्टूबर 2026
CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज

AISA Protest Gyanesh Kumar: दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। रविवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) समेत कई संगठनों के सदस्यों ने अशोक रोड के पास विरोध मार्च निकाला।

प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) को लेकर सवाल उठा रहे हैं और इसी मुद्दे पर CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। यह विरोध ऐसे समय हो रहा है जब पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में SIR को लेकर प्रदर्शन लगातार बढ़े हैं।

जंतर-मंतर के आसपास पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

इससे पहले दिल्ली में जंतर-मंतर के आसपास हुए प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। रविवार को भी AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा समेत कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की थी।इससे पहले प्रदर्शन में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण और कपिल सिब्बल समेत कई लोग भी शामिल हुए थे। प्रदर्शनकारियों की ओर से CEC के इस्तीफे की मांग की जा रही है।

2 अक्टूबर के प्रदर्शन पर तीन FIR

जंतर-मंतर के आसपास 2 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने तीन FIR दर्ज की हैं। इनमें दो मामले संसद मार्ग पुलिस स्टेशन और एक मामला कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।पुलिस की FIR में प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े आरोपों का जिक्र किया गया है। ये मामले अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए हैं।प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई थी और कई जगह बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दिए जाने की बात भी कही थी।

SIR को लेकर क्या है विवाद?

प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है।वहीं, चुनाव आयोग ने उन रिपोर्टों पर अलग रुख रखा है जिनमें चुनाव आयुक्तों की ओर से फैसलों को लेकर आपत्तियां जताए जाने की बात कही गई थी। आयोग के मुताबिक, ड्राफ्ट चरण में अधिकारियों की ओर से सवाल, सुझाव और इनपुट देना उसकी सामान्य प्रशासनिक और निर्णय लेने की प्रक्रिया का हिस्सा है। आयोग ने यह भी कहा है कि SIR के कार्यक्रम से जुड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे।

दिल्ली में बढ़ता जा रहा है विरोध

इस पूरे मामले में AISA के अलावा विभिन्न छात्र संगठनों, राजनीतिक दलों और नागरिक समूहों की भागीदारी सामने आई है। AAP नेताओं ने भी SIR के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन किया था। AAP दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को भी जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन में शामिल होने के बाद पुलिस ने हिरासत में लिया था।रविवार को भी विरोध जारी रहने से सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। अब यह मामला SIR, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे व्यापक राजनीतिक और सामाजिक विरोध का हिस्सा बन गया है।