टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

दलाई लामा को दिल्ली में सरकारी बंगला आवंटित, तिब्बती संसद ने भारत सरकार का जताया आभार

Pradeep Singh · 24 नवम्बर 2026
दलाई लामा

धर्मशाला: भारत सरकार की ओर से 14वें दलाई लामा और उनके निजी कार्यालय 'गदेन फोडरंग' को दिल्ली के लुटियंस इलाके में टाइप-7 बंगला आवंटित किए जाने पर तिब्बती संसद-निर्वासित (Tibetan Parliament-in-Exile) ने आभार जताया है। तिब्बती संसद के सदस्यों ने इसे दलाई लामा और तिब्बती समुदाय के प्रति भारत के समर्थन का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया है।

तिब्बती संसद-निर्वासित की स्पीकर डोलमा त्सेरिंग ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे बेहद अच्छी खबर बताया। उन्होंने संसद की ओर से भारत सरकार का धन्यवाद किया। डोलमा त्सेरिंग ने कहा कि इस बंगले के आवंटन से दलाई लामा के दिल्ली दौरे अधिक सुविधाजनक होंगे और राष्ट्रीय राजधानी में उनके ठहरने के दौरान उन्हें बेहतर सुविधा मिलेगी।

भारत ने मुश्किल वक्त में दिया था तिब्बतियों को सहारा

तिब्बती संसद के सदस्य और स्थायी समिति के सदस्य छोएडाक ग्यात्सो ने भी भारत सरकार का आभार जताया। उन्होंने तिब्बतियों को शरण देने और उनकी संस्कृति को संरक्षित रखने में भारत के योगदान को याद किया।

ग्यात्सो ने कहा कि जब तिब्बतियों के पास अपना कोई देश नहीं था, तब भारत सरकार ने उन्हें शरण दी। धर्मशाला में रहने की जगह देने के साथ-साथ स्कूल और कई संस्थान स्थापित किए, जिनकी मदद से तिब्बती अपनी संस्कृति को संरक्षित रख सके।

उन्होंने अपने हालिया आधिकारिक दिल्ली दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि इस दौरान उन्होंने भारतीय सांसदों से मुलाकात की थी। इसी दौरे पर उन्होंने तिब्बती डिप्टी स्पीकर के साथ आवंटित बंगले का भी दौरा किया। उन्होंने इसे अपने लिए बड़े सम्मान की बात बताया।

दिल्ली के अहम इलाके में बंगले का आवंटन

ग्यात्सो ने बंगले की लोकेशन को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, यह बंगला राष्ट्रीय राजधानी के सत्ता केंद्र से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। उन्होंने कहा कि यह फैसला तिब्बत के मुद्दे से जुड़े लोगों के लिए एक मजबूत संदेश है।

उन्होंने कहा कि बंगले का आवंटन तिब्बती लोगों और उनके मुद्दे के प्रति भारत के निरंतर समर्थन को दर्शाता है। तिब्बती समुदाय भारत सरकार और यहां के लोगों के प्रति गहरी कृतज्ञता रखता है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी भारत से इसी तरह के सहयोग की अपील की।

क्या है गदेन फोडरंग?

गदेन फोडरंग (Gaden Phodrang) 14वें दलाई लामा का निजी कार्यालय है, जिसे ऑफिस ऑफ हिज होलीनेस दलाई लामा (OHHDL) के नाम से भी जाना जाता है। यह कार्यालय दलाई लामा को सचिवालय संबंधी सहायता उपलब्ध कराता है और उनके विभिन्न मामलों को संभालता है। साथ ही उनकी ओर से आधिकारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी करता है।

भारत सरकार के इस फैसले को दलाई लामा की दिल्ली यात्राओं को अधिक सुविधाजनक बनाने और तिब्बती समुदाय के साथ भारत के संबंधों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: 6 साल बाद BJP और अकाली दल फिर साथ-साथ, अमित शाह और Nitin Nabin ने क्या कुछ कहा जानें?