टीएनपी न्यूज़
होम / विदेश
विदेश

Crude Oil: कच्चे तेल की कीमतों में बड़ा उलटफेर! पेट्रोल -डीजल के दामों में आएगी गिरावट! जानें सबकुछ

Anurag Kumar Tripathi · 23 नवम्बर 2026
Crude Oil

Crude Oil: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ सप्ताह से जारी गिरावट के बीच 23 नवंबर को भी क्रूड ऑयल की कीमतों में नरमी दर्ज की गई। इसका असर आने वाले दिनों में भारत समेत दुनिया के कई देशों के ईंधन बाजार पर पड़ सकता है। जानकारी के मुताबिक अभी कच्चे तेल की कीमत 91 डॉलर प्रति बैरल के आसपास  पहुंच चुकी है। 

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी कम होंगी? क्या आम लोगों को महंगाई से कुछ राहत मिलने वाली है?

दरअसल, भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से कच्चा तेल खरीदकर पूरा करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता होने पर देश के आयात बिल और तेल कंपनियों की लागत पर सकारात्मक असर पड़ सकता है।

इंटरनेशनल बाजार में कितना सस्ता हुआ कच्चा तेल?

23 नवंबर 2026 को एशियाई कारोबार के दौरान ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 92.10 डॉलर प्रति बैरल तक आ गई, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड करीब 82.98 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखाई दिया। इससे पहले पिछले सप्ताह ब्रेंट क्रूड में करीब 4 फीसदी और WTI में लगभग 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी।

कच्चे तेल की कीमतों में इस नरमी के पीछे वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोरी और दुनिया की आर्थिक विकास दर को लेकर बनी चिंताएं अहम वजह रही हैं। निवेशकों को आशंका है कि आर्थिक गतिविधियों में सुस्ती आने से तेल की मांग प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा बाजार में पर्याप्त आपूर्ति की उम्मीदों ने भी कीमतों पर दबाव बनाया है।

हालांकि, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और खाड़ी क्षेत्र में जहाजों तथा ऊर्जा ठिकानों पर हमलों ने तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट को रोक रखा है।

कम हो जाएंगे पेट्रोल और डीजल के दाम?

यहां समझना जरूरी है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम तुरंत घटना जरूरी नहीं है।

भारत में पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों में कच्चे तेल की लागत के अलावा रिफाइनिंग, परिवहन, डीलर कमीशन, केंद्र और राज्य सरकारों के टैक्स जैसे कई कारक शामिल होते हैं। इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई गिरावट का पूरा फायदा उपभोक्ताओं तक पहुंचने में समय लग सकता है।

तेल कंपनियां भी अंतरराष्ट्रीय कीमतों, रुपये और डॉलर की विनिमय दर तथा अपनी लागत को ध्यान में रखकर खुदरा कीमतों का आकलन करती हैं। ऐसे में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती का फैसला कई परिस्थितियों पर निर्भर करता है।

यह भी पढ़े - Pakistan: शहबाज सरकार की नाकामी आवाम के लिए बनी सिरदर्द, भुखमरी, कंगाली के बाद अब गैस की किल्लत से मचा भारी बवाल