टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

हरियाणा में राम मंदिर निर्माण की शुरुआत, CM नायब सिंह सैनी ने किया भूमि पूजन

Ajit Kumar Singh · 22 नवम्बर 2026
Ram Temple
अंबाला: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अंबाला शहर में भव्य राम मंदिर परिसर का भूमि पूजन और नींव का पत्थर रखकर शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही CM नायब सिंह  ने मंदिर के मॉडल का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम का आयोजन दीवान मंगत राय रामा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से किया गया।

राम केवल अयोध्या तक सीमित नहीं हैं: CM नायब सिंह

इस समारोह को संबोधित करते हुए  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने लोगों से प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपनाने और उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम केवल अयोध्या तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे हर भक्त के हृदय में विराजमान हैं। मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक कार्यों में धन, श्रम और निस्वार्थ सेवा का महत्वपूर्ण योगदान होता है।

राम मंदिर परिसर का निर्माण दो चरणों में होगा पूरा 

  इस राम मंदिर परिसर का निर्माण दो चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रस्तावित परिसर में मुख्य मंदिर के साथ करीब एक हजार लोगों की क्षमता वाला सभागार और लंगर हॉल भी बनाया जाएगा। इस मंदिर परिसर के निर्माण से अंबाला में धार्मिक गतिविधियों और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है। इस धार्मिक समारोह में जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज विशेष रूप से मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन और शिलान्यास की प्रक्रिया संपन्न हुई। 

44.83 करोड़ रुपये के परियोजनाओं का किया उद्घाटन

हालांकि इससे पहले, 15 नवंबर को, CM सैनी ने पिपली, लाडवा और थानेसर क्षेत्रों में 44.83 करोड़ रुपये के कई पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया था। जिनका मकसद लोकल पावर ग्रिड, हेल्थकेयर एक्सेस और शहरी सफाई को मजबूत करना है। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऐतिहासिक नीलधारी गुरुद्वारा पिपली साहिब में प्रार्थना की। राज्य के निवासियों के सामाजिक सद्भाव, शांति और आर्थिक समृद्धि के लिए दुआएं मांगीं और 13.36 करोड़ रुपये के चार पूरे हो चुके परियोजनाओं का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके साथ ही 31.474 करोड़ रुपये के दो प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास भी किया।  

ये भी पढ़ें- गुजरात के कच्छ में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की जोरदार टक्कर से कार के हुए दो टुकड़े, 7 की मौत