टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

कांग्रेस का देशभर में विरोध प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग

Geeta Sharma · 28 सितम्बर 2026
कांग्रेस का देशभर में विरोध प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी ने उनके इस्तीफे की मांग के साथ मतदाता सूची के SIR पर भी आपत्ति जताई। वहीं कांग्रेस नेताओं  का ऐसा आरोप है कि SIR के जरिए मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए है। 

हैदराबाद में मार्च

हैदराबाद में तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी की प्रतिमा से चुनाव आयोग के कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस सांसद किरण कुमार चमाला ने कहा कि पार्टी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराएगी।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सत्ता में बने रहने के उद्देश्य से CEC को प्रभावित किया। साथ ही 2025 की मतदाता सूची को रद्द करने और हटाए गए करीब 13 करोड़ मतदाताओं को फिर से शामिल करने की मांग भी रखी।

SIR पर कांग्रेस के सवाल

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि SIR के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने SIR को “गैर-कानूनी” बताते हुए दावा किया कि फॉर्म-6 में बदलाव के लिए संसद की मंजूरी आवश्यक थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। खेड़ा के अनुसार, यदि SIR की प्रक्रिया ही वैध नहीं है, तो इसके तहत मतदाताओं के नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठते हैं।

अन्य राज्यों में भी प्रदर्शन

कांग्रेस के अलावा वाम दलों ने पटना में प्रदर्शन किया। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रीनगर और लखनऊ में भी विरोध जताया। पार्टी नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए CEC को पद से हटाने की मांग की।

हालांकि, कांग्रेस नेताओं के आरोप उनके राजनीतिक दावे हैं। SIR की वैधानिकता और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर अंतिम स्थिति संबंधित कानूनी और चुनावी प्रक्रियाओं से तय होगी।

ये भी पढ़ें: बाढ़ के बाद पानी में मिलीं दारू की बोतलें, यूजर्स बोले- राहत पैकेज आ गया!