वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशभर में प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका के साथ पुलिस के दुर्व्यवहार का विरोध
लखनऊ, 8 अक्टूबर 2026: निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग करने के लिए कल शांतिपूर्वक जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं इंडिया ब्लाक के सांसदों के साथ जिस प्रकार सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार किया गया और उन पर लाठीचार्ज किया गया, जिसके विरोध में इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिवस के रूप में मनाया गया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो के गगनभेदी नारे लगाते हुए सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजनों द्वारा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से जीपीओ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तक शांति मार्च निकाला गया।
पुलिस ने रोका
माल एवेन्यू चौराहे से आगे बढ़ने पर लालबहादुर शास्त्री मार्ग से पहले सुन्नी वक्फ बोर्ड के पास भारी संख्या में पुलिस बल द्वारा बैरीकेडिंग लगाकर कांग्रेसजनों को रोका गया। आगे बढ़ने को लेकर कांग्रेसजनों और पुलिस बल में धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांग्रेसजनों के साथ सड़क पर बैठ गयीं।
पुलिस ने कांग्रेसजनों को गिरफ्तार कर इको गार्डेन भेजा
इसके उपरान्त सड़क पर नारेबाजी कर रहे कांग्रेसजनों को पुलिस द्वारा बल प्रयोग कर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सहित कांग्रेसजनों को गिरफ्तार कर बस में भरकर इको गार्डेन ले जाया गया। इको गार्डेन से थोड़ा पहले बस खराब हो गयी, जहां घंटों खड़ी बस में बैठाकर परेशान किया गया। इसके बाद दूसरी बस से पुलिस लाइन के लिए ले जाया गया, जहां दूसरी बस भी खराब हो गयी।
सबको पुलिस लाइन लाया गया
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सहित कांग्रेसजनों को पुलिस लाइन ले जाया गया। वहां पर न लाइट की व्यवस्था और न ही पंखे की कोई व्यवस्था रही। पंखे, लाइटें लगी हुई हैं और यह कहा गया कि आंधी के आने से बिजली खराब हो गयी है, जबकि ग्राउंड और चारों तरफ पूरी तरह लाइट की व्यवस्था रही है। आज के इस प्रदर्शन में महिलाओं की भारी संख्या रही। मार्च के दौरान कई महिला कार्यकर्ताओं एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना को कार्यकर्ताओं को बचाने में पुलिस की धक्का-मुक्की में चोटें आयीं। दो-दो बार पुलिस द्वारा मंगायी गयी बसें खराब हुईं।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने इस मौके पर कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह आन्दोलन तब तक चलता रहेगा, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि इस देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सड़कों पर लाठियां और पुलिस की बर्बरता और मुकदमें झेल रहे हैं। आज प्रदेश के कांग्रेसजन पूरी आवाज और ताकत के साथ पूरे प्रदेश में और जिले में संघर्ष कर रहे हैं और यह तब तक करते रहेंगे, जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते।
'अहिंसक प्रतिरोध भी नहीं करने दे रही भाजपा'
उन्होंने कहा कि आज हमारे शीर्ष नेतृत्व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जा रहे हैं, जो अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अहिंसक प्रदर्शन करते थे। किन्तु भाजपा की अलोकतांत्रिक सरकार इतना डरी हुई है कि वह अहिंसक प्रतिरोध भी नहीं करने दे रही है।
आखिर अहिंसक प्रतिरोध का क्या रास्ता है?
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के आवाहन पर जहां राजधानी लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में शांति मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया एवं गिरफ्तारी दी गयी, वहीं पूरे प्रदेश के जिला एवं ब्लाक स्तर पर जिला एवं शहर इकाइयों के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया।आज के शांति मार्च प्रमुख रूप से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व विधायक इन्दल रावत सहित सैंकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे।
Reported By-M. Atharuddin Munne Bharti