दिल्ली में 'चलो दिल्ली' कार्यक्रम टला, अब इस दिन सभी राज्यों की राजधानियों में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी कांग्रेस
नई दिल्ली: कांग्रेस ने 25-26 नवंबर को राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित अपने 'चलो दिल्ली' कार्यक्रम को फिलहाल टाल दिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संविधान दिवस के अवसर पर होने वाला यह कार्यक्रम अब किसी दूसरी तारीख पर आयोजित किया जाएगा। इसके बजाय कांग्रेस 26 नवंबर को देश के सभी राज्यों की राजधानियों में 'संविधान रक्षा मार्च' निकालेगी।
इससे पहले एक नवंबर को विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक ने दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित की थी। इस रैली के जरिए विपक्ष ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ विरोध जताया था।
SIR के खिलाफ विपक्ष ने दिखाई थी एकजुटता
एक नवंबर को आयोजित रैली मिंटो रोड-राजीव चौक जंक्शन से रामलीला मैदान की ओर निकाली गई थी। इसमें विपक्षी दलों के कई बड़े नेता शामिल हुए थे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सांसद अभिषेक बनर्जी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, सीपीआई नेता डी. राजा, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने हिस्सा लिया था।
इससे पहले 31 अक्टूबर को राजधानी में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ सार्वजनिक 'महाभियोग' कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था।
राहुल गांधी ने CEC ज्ञानेश कुमार पर लगाए थे आरोप
रामलीला मैदान की रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि यह प्रदर्शन किसी एक राजनीतिक दल या नेता का नहीं, बल्कि पूरे देश की आवाज है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर देश की आवाज दबाने और कथित वोट चोरी में मदद करने का आरोप लगाया था।
राहुल गांधी ने कहा था कि विपक्ष संविधान की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेगा। उन्होंने दावा किया था कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया जाएगा और उन्हें जेल जाना पड़ेगा।
राहुल गांधी ने कहा था, "मेरी बात सुनिए। मैं जो कहता हूं, वह हमेशा सच साबित होता है, है ना? मैं देश के हर नागरिक और हर युवा से कह रहा हूं कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया जाएगा। ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे। ज्ञानेश कुमार के बिना न नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनते और न अमित शाह गृह मंत्री बनते।"
26 नवंबर को संविधान रक्षा मार्च के जरिए सरकार को घेरेगी कांग्रेस
कांग्रेस के नए कार्यक्रम के तहत 26 नवंबर को सभी राज्यों की राजधानियों में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। पार्टी का यह कदम संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और मतदाता सूची की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों पर देशव्यापी अभियान को आगे बढ़ाने के तौर पर देखा जा रहा है।
और पढ़ें: ‘कोई बहाना देना नहीं…’ वनडे सीरीज जीतने के बाद श्रेयस अय्यर का बड़ा बयान, बताया इसकी वजह से जीती सीरीज