राज्य
परिसीमन बिल पर NCP-SP के समर्थन से भड़की कांग्रेस, शरद पवार को दिलाई राज्यसभा चुनाव की याद
Ajit Kumar Singh · 28 नवम्बर 2026
delimitation bill
मुंबई: केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश किया जाना है। इसे लेकर शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) खुलकर कहा है कि वह परिसीमन बिल पर I.N.D.I.A ब्लॉक के साथ नहीं है और सदन में वह इसके पक्ष में वोटिंग करेग।NCP-SP के इस फैसले के बाद अब कांग्रेस और NCP-SP के बीच तकरार देखने को मिल रही है।
कांग्रेस ने NCP-SP पर साधा निशाना
इस संदर्भ में महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए शरद पवार की पार्टी पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले को याद दिलाते हुए कहा कि इसी साल राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अपनी सीट छोड़कर शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था। महाराष्ट्र कांग्रेस ने कहा कि मार्च 2026 में महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने थे। उस समय NCP-SP के पास 10 विधायक थे, जबकि एक उम्मीदवार को जीत के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (UBT) के पास 20 विधायक थे। कांग्रेस ने दावा किया कि सुप्रिया सुले ने अपने पिता शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से समर्थन मांगा था। इसके बाद कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़कर शरद पवार का समर्थन किया और महाविकास अघाड़ी ने उनकी उम्मीदवारी का समर्थन किया।
BJP के परिसीमन बिल पर I.N.D.I.A गठबंधन में पड़ी फूट
कांग्रेस ने परिसीमन कानून पर BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का समर्थन करने को लेकर NCP-SP की आलोचना की है। कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस शरद पवार की उम्मीदवारी का पार्टी ने समर्थन किया, अब उनकी पार्टी केंद्र सरकार के परिसीमन बिल का समर्थन करने जा रही है। NCP-SP के इस फैसले को महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया था। उन्होंने कहा कि इस तरह का फैसला I.N.D.I.A गठबंधन की बैठक में सामूहिक रूप से लिया जाना चाहिए था। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि नई जनगणना के बिना 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन क्यों किया जा रहा है। इसके बाद महाराष्ट्र में परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के भीतर मतभेद सामने आने लगे हैं।
लोकसभा में 543 से बढ़ाकर 850 सीट किए जाने की योजना
दरअसल, NCP-SP के वरिष्ठ नेता और विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को शरद पवार से चर्चा के बाद परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने की बात कही थी। उनके मुताबिक, परिसीमन एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसे भविष्य में पूरा किया जाना है। पार्टी ने प्रस्तावित व्यवस्था में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाए जाने की शर्त का भी समर्थन किया है। प्रस्तावित बदलाव के तहत लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़ाकर 850 किए जाने की योजना है, जिसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें प्रस्तावित हैं। वहीं, कांग्रेस इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है और उसका कहना है कि महिला आरक्षण को मौजूदा लोकसभा सीटों के आधार पर लागू किया जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर भारत सरकार सख्त, Netflix को दी हिदायत